Thu. Apr 16th, 2026

जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश: पराली जलाने जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध होगी सख्त कार्रवाई

सिद्धार्थनगर: 1 अप्रैल 2026

जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश: पराली जलाने जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध होगी सख्त कार्रवाई

जिलाधिकारी ने रबी फसल के अवशेष जलाने से उत्पन्न होने वाले प्रदूषण की रोकथाम के लिए अधिकारियों के साथ की महत्वपूर्ण बैठक

सिद्धार्थनगर: जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ रबी फसल के अवशेष जलाने से उत्पन्न होने वाले प्रदूषण की रोकथाम के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य फसल अवशेष जलाने की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए ठोस रणनीति तैयार करना रहा।

जिलाधिकारी ने बैठक में कहा कि फसल अवशेष जलाने से न केवल वायु प्रदूषण बढ़ता है, बल्कि इससे मिट्टी की उर्वरता भी प्रभावित होती है। इसके अतिरिक्त, इससे जनस्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों एवं श्वसन रोगियों के लिए यह अत्यंत हानिकारक सिद्ध होता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को इस गंभीर समस्या के समाधान हेतु समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कृषि विभाग को निर्देशित किया कि किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के वैकल्पिक उपायों जैसे हैप्पी सीडर, सुपर स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम एवं अन्य कृषि यंत्रों के उपयोग के प्रति जागरूक किया जाए। साथ ही, इन यंत्रों पर उपलब्ध अनुदान की जानकारी भी किसानों तक पहुंचाई जाए ताकि वे पराली जलाने के बजाय इनका उपयोग कर सकें। ग्राम स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें ग्राम प्रधान, लेखपाल, कृषि कर्मी एवं अन्य स्थानीय प्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। किसानों को समझाया जाएगा कि पराली जलाने से पर्यावरण को होने वाले नुकसान के साथ-साथ उनके खेतों की उत्पादकता भी घटती है।

जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग को निर्देशित किया कि फसल अवशेष जलाने की घटनाओं पर सतर्क निगरानी रखी जाए। यदि कोई किसान पराली जलाते हुए पाया जाता है,तो उसके विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, ग्राम स्तर पर निगरानी समितियों का गठन करने के निर्देश भी दिए गए, जो इस पर सतत नजर रखेंगी।

जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को भी निर्देशित किया कि विद्यालयों में विद्यार्थियों के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि यह संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंच सके। इसके अतिरिक्त, प्रचार-प्रसार के लिए लाउडस्पीकर, पोस्टर एवं सोशल मीडिया का भी उपयोग करने पर जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने बैठक के अंत में सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने स्तर पर जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करें और इस अभियान को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दें। उन्होंने कहा कि प्रदूषण मुक्त वातावरण सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसके लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह,अपर जिलाधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, पुलिस विभाग के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *