जीएसटी की घटी दरों का लाभ ग्राहकों को दीजिए : सीएम
गोरखनाथ में व्यापारियों से मिलने पैदल निकले सीएम योगी आदित्यनाथ
शारदीय नवरात्र में कलश स्थापना कर सीएम योगी ने की लोक कल्याण की कामना
व्यापारियों व ग्राहकों से मिले सीएम योगी, दुकानदारों को दिए जीएसटी की घटी दरों का स्टीकर,एक दुकान पर खुद चस्पा किया स्टीकर
गोरखनाथ में व्यापारियों को जीएसटी के बारे में जानकारी देते सीएम योगी
गोरखपुर। नेक्स्ट जेन जीएसटी रिफॉर्म (अगली पीढ़ी के लिए जीएसटी सुधार) सोमवार से लागू हो गए। इसे लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जीएसटी रिफॉर्म जागरूकता अभियान के पहले चरण की शुरुआत खुद व्यापारियों और ग्राहकों के बीच जनसंपर्क करके की। सीएम ने व्यापारियों से कहा कि जीएसटी की घटी दरों का लाभ ग्राहकों को दीजिए। इससे व्यापार और समृद्ध होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में जीएसटी परिषद ने तीन सितंबर की बैठक में कर सुधारों का निर्णय लिया था। ये निर्णय सोमवार से प्रभावी हो गए। इसे लेकर मुख्यमंत्री योगी ने 22 सितंबर से 29 सितंबर तक ‘जीएसटी रिफॉर्म जागरूकता अभियान’ का पहला चरण शुरू करने का निर्णय लिया था। इसका शुभारंभ सोमवार को उन्होंने खुद पदयात्रा, जनसंपर्क और संवाद से किया।
सीएम योगी सोमवार पूर्वाहन 11 बजे पदयात्रा कर झूलेलाल मंदिर से गोरखनाथ मंदिर मार्ग तक प्रतिष्ठानों में पहुंचे। वहां व्यापारियों और ग्राहकों से संवाद किया। जीएसटी सुधारों पर उनकी प्रतिक्रिया जानी। उन्होंने कारोबारियों से आग्रह किया कि मोदी सरकार से उपहार स्वरूप घटी जीएसटी का लाभ ग्राहकों को अवश्य दें। साथ ही स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिष्ठानों पर ‘गर्व से कहो यह स्वदेशी है’ का पोस्टर भी लगाएं।
अभियान के दौरान सीएम योगी सबसे पहले स्टाइल बाजार गए। यहां मुख्यमंत्री ने खुद प्रतिष्ठान के मुख्य द्वार पर जीएसटी की घटी दरों का स्टीकर चस्पा किया। उन्होंने प्रतिष्ठान के मेंटर राजेंद्र खुराना, एमडी श्रेयांश खुराना और निदेशक प्रदीप अग्रवाल से पूछा कि कपड़ों पर जीएसटी में कितनी कमी आई है। यह बताए जाने पर कि 12 प्रतिशत घटकर पांच प्रतिशत हो गया है, सीएम ने कहा कि इससे आपका बाजार और मजबूत होगा।
प्रतिष्ठान प्रबंधन ने बताया कि जीएसटी सुधार का लाभ दिया जाना शुरू कर दिया गया है। राजेंद्र खुराना ने कहा कि सीएम योगी से मिलना एक सपना था जो आज पूरा हो गया! जीएसटी रिफॉर्म जागरूकता अभियान में सोमवार को मुख्यमंत्री योगी की सहजता ने कारोबारियों का दिल छू लिया। स्टाइल बाजार के मेंटर, कोलकाता से आए राजेंद्र खुराना ने मुख्यमंत्री से संवाद करने के बाद कहा कि सीएम योगी ने जिस आत्मीयता से बात की, वह उन्हें हमेशा याद रहेगा। उन्होंने कहा कि महाराज जी से मिलना उनका सपना था और आज यह पूरा हो गया।
इसके बाद मुख्यमंत्री न्यू स्वीट्स पैलेस पर पहुंचे। यहां उन्होंने दुकानदार बिहारी लाल व जतिन लाल से जीएसटी की कम हुई दरों पर संवाद किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें जीएसटी रिफॉर्म का स्टीकर देकर कहा कि सभी लोगों को जीएसटी सुधार के लिए पीएम मोदी के प्रति आभार व्यक्त करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने गीता होलसेल मार्ट में प्रतिष्ठान संचालक शंभू शाह से कहा कि जीएसटी दरों में कमी को लेकर ग्राहकों को आप लोग छूट का लाभ दें।
प्रेम मेडिकल्स में जाकर उन्होंने दवाओं की कीमतों में आई कमी पर चर्चा की। दुकानदार विनय प्रजापति और आकाश प्रजापति ने बताया कि जीवनरक्षक दवाओं पर टैक्स जीरो हो गया है। कई दवाओं में टैक्स अब सिर्फ पांच प्रतिशत रह गया है। आज से इसका लाभ वे ग्राहकों को दे।
मुख्यमंत्री ने सिटी कार्ट, श्री होम्यो स्टोर्स के सामने, रंगोली कलेक्शन के सामने, गोरखनाथ मिष्ठान के सामने, जयदेव भवन के सामने, हनुमान कटरा के सामने खड़े दुकानदारों और गोरखनाथ मार्ग मंदिर मार्ग पर खड़े चौधरी कैफुलवरा के परिवार से जीएसटी रिफॉर्म पर संवाद कर उन्हें स्टीकर भेंट किया।
जीएसटी सुधार से मजबूत होगा: टेक्सटाइल सेक्टर : गीता होलसेल मार्ट पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से प्रतिष्ठान के संचालक शंभू शाह ने कहा कि केंद्र सरकार ने जीएसटी की दरों को कम करके टेक्सटाइल सेक्टर को फिर मजबूत कर दिया है। टेक्सटाइल सेक्टर, कृषि के बाद सर्वाधिक रोजगार देने वाला क्षेत्र है। उन्होंने कहा कि टैक्स की दर घटकर 5 प्रतिशत तक होने से बिक्री बढ़ेगी।
दुकानदारों और आमजन ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री योगी का स्वागत किया। मुख्यमंत्री की पदयात्रा में ‘घटी जीएसटी बढ़ा व्यापार, धन्यवाद मोदी सरकार’ के खूब नारे लगे,इस अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी और प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह व अन्य शामिल रहे।
गोरखपुर। शारदीय नवरात्र के पहले दिन गोरखनाथ मंदिर में लोक कल्याण की मंगलकामना के साथ जगतजननी की उपासना के विशेष अनुष्ठान का शुभारंभ गोरक्षपीठाधीश्वर व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सानिध्य में हुआ। सोमवार शाम गोरक्षपीठाधीश्वर ने मठ के प्रथम तल पर स्थित शक्तिपीठ में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश स्थापना कर प्रथम दिन मां शैलपुत्री की पूजा अर्चना की। कलश स्थापना के पूर्व गोरखनाथ मंदिर परिसर में भव्य कलश शोभायात्रा पारंपरिक तरीके और श्रद्धाभाव से निकाली गई।
शाम को गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ की अगुवाई में साधु-संतों की शोभायात्रा, परंपरागत वाद्ययंत्रों घंटा घड़ियाल, तुरही, शंख की ध्वनियों और मां दुर्गा के जयघोष के बीच पौराणिक मान्यता वाले भीम सरोवर पर पहुंची। जहां कलश भरने और सरोवर की परिक्रमा के बाद शोभायात्रा वापस शक्तिपीठ आई। इसके बाद जल से भरा कलश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं उठाया और शक्तिपीठ के गर्भगृह में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वरुण देवता का आवाहन कर इसे स्थापित किया।
गोरक्षपीठाधीश्वर ने सबसे पहले मां दुर्गा, भगवान शिव और गुरु गोरखनाथ के शस्त्र त्रिशूल की प्रतिष्ठित करके गौरी-गणेश की आराधना की। इसके साथ ही दुर्गा मंदिर (शक्तिपीठ) के गर्भगृह में श्रीमद देवी भागवत का पारायण पाठ एवं श्रीदुर्गासप्तशती के पाठ का भी शुभारंभ हो गया। पाठ के बाद आरती एवं प्रसाद वितरण किया गया।

