Mon. Apr 27th, 2026

डीएम ने उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु आर्शीवाद गैस सर्विस का किया औचक निरीक्षण

सिद्धार्थनगर, 09 मार्च 2026

डीएम ने उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु आर्शीवाद गैस सर्विस का किया औचक निरीक्षण

जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान गैस सिलेंडरों के भंडारण, वितरण व्यवस्था तथा सुरक्षा मानकों के पालन की स्थिति की जानकारी ली

सिद्धार्थनगर: जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन द्वारा जनपद में उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से भीमापार, नोगढ़ स्थित आर्शीवाद गैस सर्विस का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गैस एजेंसी में उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा उपभोक्ताओं को दी जा रही सेवाओं का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गैस सिलेंडरों के भंडारण, वितरण व्यवस्था तथा सुरक्षा मानकों के पालन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने एजेंसी संचालक को निर्देश दिया कि गैस सिलेंडरों का सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित किया जाए तथा अग्नि सुरक्षा से संबंधित सभी आवश्यक उपकरण जैसे फायर एक्सटिंग्विशर आदि हमेशा क्रियाशील अवस्था में रखे जाएं। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि गैस वितरण में पारदर्शिता बनी रहे तथा उपभोक्ताओं को समय से सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं।

जिलाधिकारी ने उपभोक्ताओं से भी बातचीत कर गैस वितरण की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या शिकायत होने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जाए, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके। उन्होंने एजेंसी संचालक को यह भी निर्देशित किया कि गैस सिलेंडर वितरण में किसी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता की शिकायत नहीं आनी चाहिए।

जिलाधिकारी ने कर्मचारियों को गैस सिलेंडरों के सुरक्षित परिवहन और वितरण के संबंध में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में सभी गैस एजेंसियों का समय-समय पर निरीक्षण किया जाएगा, जिससे उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें और गैस वितरण प्रणाली को और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया जा सके।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *