दिव्य शाकद्वीपीय ब्राह्मण समिति की मासिक बैठक में वार्षिक आयोजन की समीक्षा एवं आगामी वर्ष की कार्ययोजना पर हुआ विचार-विमर्श
गोरखपुर। दिव्य शाकद्वीपीय ब्राह्मण समिति (उत्तर प्रदेश) गोरखपुर की मासिक बैठक अशोक नगर, बशारतपुर स्थित समिति कार्यालय पर अध्यक्ष श्री शरद चन्द्र पाण्डेय की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में विगत माह आयोजित वार्षिक स्थापना दिवस समारोह एवं वैवाहिक परिचय सम्मेलन की विस्तृत समीक्षा की गई। आयोजन की सफलता, प्राप्त सहयोग, व्यवस्थाओं तथा भविष्य में इसे और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने के विभिन्न पहलुओं पर सदस्यों ने अपने विचार रखे।बैठक में समिति के आय-व्यय का विवरण, नवीन सदस्यता अभियान तथा समाज से जुड़ी ज्वलंत समस्याओं के निराकरण की दिशा में समिति की भूमिका एवं भावी गतिविधियों पर चर्चा की गई।
साथ ही आगामी वर्ष के लिए समिति की नवीन कार्ययोजना तैयार करने, संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक सक्रिय एवं परिणामोन्मुख बनाने तथा समाज के अधिकाधिक स्वजनों को संगठन से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया।समिति की वार्षिक पत्रिका ‘दिव्य प्रकाश’ के आगामी संस्करण के प्रकाशन की तैयारियों पर भी विचार-विमर्श हुआ। इसके अंतर्गत पत्रिका हेतु लेख, रचनाएँ, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के विवरण तथा अन्य उपयोगी सामग्री के संकलन की रूपरेखा पर चर्चा की गई। बैठक में अन्य समसामयिक एवं संगठनात्मक विषयों पर भी सदस्यों ने अपने सुझाव प्रस्तुत किए। बैठक का एक विशेष आध्यात्मिक पक्ष भी रहा। उपस्थित सदस्यों द्वारा सामूहिक रूप से आदित्य हृदय स्तोत्र एवं सुंदरकांड का पाठ किया गया। इस सामूहिक पाठ के माध्यम से सामाजिक एकता, आध्यात्मिक चेतना एवं परस्पर आत्मीयता को और सुदृढ़ करने का भाव व्यक्त किया गया। बैठक के अवसर पर विगत दीपावली एवं छठ पर्व के उपलक्ष्य में स्नेह मिलन एवं सामूहिक भोज का भी आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित स्वजनों ने आपसी आत्मीयता, सौहार्द एवं पारिवारिक अपनत्व के भाव के साथ सहभागिता की।
बैठक में अध्यक्ष शरद चन्द्र पाण्डेय, महामंत्री इं0 अनन्त मिश्र, संगठन मंत्री इं0 रजनीश मिश्र, कोषाध्यक्ष अमर मिश्र, सांस्कृतिक एवं प्रचार-प्रसार मंत्री सर्वेश्वरी मिश्र, विधिक कार्य मंत्री अनिल कुमार मिश्र एवं कार्यकारिणी सदस्य कृष्ण कुमार मिश्र, सतीश कुमार मिश्र, राकेश मिश्र आदि उपस्थित रहे। विशिष्ट संरक्षक के रूप में रामाधार पाण्डेय, इं0 प्रेम नाथ मिश्र,जी0के0 पाण्डेय, अशोक कुमार मिश्र, इं0 रमेश चन्द्र पाण्डेय,नर्वदेश्वर प्रसाद मिश्र एवं अशोक कुमार पाण्डेय तथा सम्मानित सदस्य अनादि मिश्र,अरविन्द पाण्डेय आदि की गरिमामयी उपस्थिति रही। बैठक का समापन संगठन की गतिविधियों को निरंतर गतिशील बनाने, सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग रहने तथा सामूहिक सहभागिता से समिति के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।
इं0 अनन्त मिश्र,महामंत्री दिव्य शाकद्वीपीय ब्राह्मण समिति, उत्तर प्रदेश,गोरखपुर




