#सिद्धार्थनगर: 08 नवंबर 2025
दो दिवसीय “काला नमक चावल” के क्रेता-विक्रेता सम्मेलन में मुख्य अतिथि मंत्री राकेश सचान ने प्रतिभाग किया
मंत्री राकेश सचान ने कहा-युवा उद्यमी विकास योजना के तहत बिना गारंटी के ₹5 लाख तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध
कालानमक चावल भगवान गौतम बुद्ध का प्रसाद है जिसकी खुश्बू देश विदेश में पहुंच रही है-राकेश सचान
#सिद्धार्थनगर: जिला प्रशासन द्वारा आयोजित दो दिवसीय कालानमक चावल (बुद्धा राइस) द्वितीय क्रेता विक्रेता सम्मेलन कार्यक्रम बीएसए ग्राउण्ड में आयोजन किया गया, कालानमक चावल (बुद्धा राइस) द्वितीय क्रेता विक्रेता सम्मेलन कार्यक्रम का मुख्य अतिथि मंत्री सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम हथकरघा तथा वस्त्रोद्योग विभाग उत्तर प्रदेश सरकार राकेश सचान द्वारा सांसद डुमरियागंज जगदंबिका पाल,नेता प्रतिपक्ष/विधायक इटवा माता प्रसाद पाण्डेय, विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी राही, विधायक शोहरतगढ़ विनय वर्मा, विधायक डुमरियागंज श्रीमती सैय्यदा खातून, जिलाध्यक्ष भाजपा कन्हैया पासवान, विधान परिषद सदस्य ध्रुव कुमार त्रिपाठी, पूर्व बेसिक शिक्षा मंत्री डॉ सतीश चन्द्र द्विवेदी व जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन, पुलिस अधीक्षक डॉ0 अभिषेक महाजन, मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह आदि की उपस्थिति में फीता काटकर उद्घाटन किया गया। इसके पश्चात कालानमक चावल के लगे विभिन्न स्टालों का भ्रमण कर अवलोकन किया गया तथा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कालानमक चावल (बुद्धा राइस) द्वितीय क्रेता विक्रेता सम्मेलन के अवसर पर जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन द्वारा मंत्री सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम हथकरघा तथा वस्त्रोद्योग विभाग उत्तर प्रदेश सरकार राकेश सचान,सांसद डुमरियागंज जगदंबिका पाल, नेता प्रतिपक्ष/विधायक इटवा माता प्रसाद पाण्डेय को पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया गया। मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह द्वारा विधायक कपिलवस्तु, विधायक शोहरतगढ़, विधायक डुमरियागंज, जिलाध्यक्ष भाजपा, पूर्व बेसिक शिक्षा मंत्री डॉ सतीश चन्द्र द्विवेदी,एवं जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक को पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया गया। इसके पश्चात शिवपति इण्टर कालेज शोहरतगढ़ के छात्रों द्वारा सरस्वती वंदना एवं कपिलवस्तु गीत प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंत्री सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम हथकरघा तथा वस्त्रोद्योग विभाग उत्तर प्रदेश सरकार राकेश सचान ने कहा कि आज हम लोग भगवान गौतम बुद्ध की धरती पर द्वितीय क्रेता विक्रेता सम्मेलन में उपस्थित हुये हैं। यहां से भगवान गौतम बुद्ध के शान्ति अहिंसा करूणा का संदेश पूरे विश्व में गया है। कालानमक चावल भगवान गौतम बुद्ध का प्रसाद है जिसकी खुश्बू देश विदेश में पहुंच रही है। ग्रेटर नोयडा में 05 दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें कालानमक केे स्टाल लगाकर बिक्री की गयी। जनपद में कालानक चावल को बढ़ावा देने के लिए सीएफसी स्थापित की गयी। सीएफसी सही ढंग से संचालित हो जिससे किसानों को लाभ प्राप्त हो सके। कालानमक को बढ़ाने के लिए 02 और सीएफसी स्थापित कराया जायेगा। सीएफसी पर राज्य सरकार द्वारा सब्सिडी उपलब्ध करायी जा रही है। उ0प्र0 सरकार द्वारा ओडीओपी योजना एवं युवा उद्यमी विकास योजना संचालित की गयी है जिसके माध्यम से उद्योग स्थापित करने हेतु ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। युवा उद्यमी विकास योजना के अन्तर्गत 05 लाख तक बिना ब्याज का ऋण दिया जा रहा है। ओडीओपी-2 योजना संचालित होने वाली है। खाने पीने के उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए ओडीओसी योजना भी संचालित होने वाली है। उन्होने कहा कि कालानमक को बढ़ाने के लिए जो डिमांड होगी उसे पूरा कराया जायेगा। कैबिनेट मंत्री द्वारा जिला प्रशासन,वैज्ञानिकगण एवं किसानों को क्रेता विक्रेता सम्मेलन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दी।
सांसद डुमरियागंज जगदंबिका पाल ने कहा कि आज देश व अन्य प्रदेशों से क्रेता विक्रेता एवं किसान इस क्रेता विक्रेता सम्मेलन में आये हैं। काला नमक चावल के उत्पादन को बढ़ाने, ब्रांडिंग एवं निर्यात के लिए आज क्रेता विक्रेता सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा कालानमक चावल को विश्व में पहचान के लिए निरंतर प्रयास किया जा रहा है यह जनपद गौतम बुद्ध की जन्मस्थली है कालानमक चावल की खेती विलुप्त होता जा रहा था लेकिन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री,प्रधानमंत्री एवं जिला प्रशासन के प्रयास से इसकी पहचान बढ़ी है। इसके लिए प्रधानमंत्री द्वारा जिला प्रशासन को सम्मानित भी किया गया था। सांसद पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के द्वारा G.20 सम्मेलन में आने वाले राष्ट्रध्यक्षो को कालानमक चावल भेंट किया गया। कालानमक की क्वालिटी का चावल पूरी दुनिया में नहीं मिल रहा है काला नमक चावल को शुगर का मरीज भी सेवन कर सकता है। इसमें कुपोषण से लड़ने की क्षमता है और अन्य पोषक तत्व प्रचुर मात्रा में पाया जाता है। जनपद में काला नमक भवन बना है उसमें एक प्लेटफार्म हो उसका प्रस्ताव बनाया जाये जिसके लिए भारत सरकार से सी एस आर मद से बजट उपलब्ध कराने का प्रयास किया जायेगा।मुख्यमंत्री एवं कैबिनेट मंत्री को जनपद में 02 और सीएफसी की स्थापना के लिए बधाई दिया। मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश को 01 ट्रिलियन डालर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य है कालानमक चावल से सिद्धार्थनगर अकेले 01 ट्रिलियन डालर की अर्थव्यवस्था बनाने का कार्य करेगा। जिलाधिकारी को किसानों को अर्न्तराष्ट्रीय कृषि मेलों में प्रतिभाग कराने की व्यवस्था बनाने को कहा गया। सांसद डुमरियागंज ने जिला प्रशासन, कृषि वैज्ञानिकों एवं किसान भाइयों को शुभकामनाएं दी।
नेता प्रतिपक्ष/विधायक इटवा माता प्रसाद पाण्डेय ने कहा कि जनपद में सीएफसी की स्थापना की गयी है सीएफसी सही ढंग से कार्य करे और जनपद के किसानों के काला नमक चावल को खरद कर उसकी ब्राडिंग कर बेचा जाये जिससे किसानों को उत्पाद का अच्छा मूल्य प्राप्त हो।
विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी राही ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा जनपद के कालानमक चावल को ओडीओपी योजना में चयनित किया गया। यह भगवान बुद्व का महा प्रसाद है जिसकी खुश्बू देश विदेश में फैल रही है। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को किसानों की चिन्ता रहती है उन्होंने किसानों की आय दोगुनी करने का संकल्प लिया है। किसान सम्मान निधि देकर किसानों को अच्छी खेती करने के लिए प्रोत्साहित किया उनके मनोबल को बढ़ाया। वैज्ञानिको द्वारा किसानों को कालानमक की खेती के बारे में जानकारी दिया जाये।
विधायक शोहरतगढ़ विनय वर्मा ने कहा कि शोहरतगढ़ व कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र में अधिक मात्रा में काला नमक चावल का उत्पादन किया जाता है। कालानमक चावल को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग द्वारा इसके निर्यात के लिए अच्छा प्रयास किया जा रहा है जिससे किसानों को उनके उत्पाद का अच्छा मूल्य प्राप्त हो सके और महात्मा बुद्ध का प्रसाद कालानमक की खुशबू देश-विदेश तक पहुंच सके।
विधायक डुमरियागंज श्रीमती सैय्यदा खातून ने कालानमक चावल के उत्पादन एवं निर्यात के लिए क्रेता विक्रेता सम्मेलन के माध्यम से जिला प्रशासन द्वारा सराहनीय कार्य किया जा रहा है जिससे किसानों को कालानमक चावल का अच्छा मूल्य प्राप्त होगा।
पूर्व बेसिक शिक्षा मंत्री डॉ सतीश चन्द्र द्विवेदी ने कहा कि जनपद सिद्धार्थनगर अर्न्तराष्ट्रीय स्तर पर भगवान गौतम बुद्ध एवं कालानमक चावल के नाम से जाना जाता है। कालानमक चावल बासमती चावल को टक्कर दे रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से सभी उत्पादक किसान, क्रेता, विक्रेता जानकारी लेकर उत्पादन को बढ़ाने एवं निर्यात के बारे में प्रोत्साहित होंगे।
जिलाध्यक्ष भाजपा कन्हैया पासवान ने कहा कि भगवान गौतम बुद्ध का प्रसाद कालानमक चावल के लिए जिला प्रशासन द्वारा द्वितीय क्रेता विक्रेता सम्मेलन का कार्यक्रम हो रहा है जनपद के किसानों द्वारा अधिक मात्रा में कालानमक की खेती की जाती है इसके निर्यात के लिए विकल्प हो जाने पर जनपद के किसान और अधिक मात्रा में काला नमक की खेती कर अच्छी आय प्राप्त कर सकेंगे।
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने कैबिनेट मंत्री उत्तर प्रदेश, जनप्रतिनिधिगण, देश प्रदेश से आये वैज्ञानिक, क्रेता विक्रेता बन्धुओं का स्वागत करते हुये कहा कि द्वितीय क्रेता विक्रेता सम्मेलन के आयोजन से सबसे ज्यादा किसानों को फायदा होगा। प्रधानमंत्री का विजन किसानों की आय दोगुनी होगी,जिससे कालानमक चावल से किसानों को अच्छी आय प्राप्त होगी। कालानमक चावल को बढ़ावा देने के लिए स्वयं सहायता समूहों को भी जोड़ा जा रहा है। इस अवसर पर अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष भाजपा महाराष्ट्र वसीम खान एवं प्रबन्ध निदेशक, केआरबीएल इंडिया गेट बासमती राइस नई दिल्ली अरूण गुप्ता,दिव्यम आहार के दिलीप चौहान, डॉ0 सीमा मिश्रा द्वारा लोगों को सम्बोधित कर कालानमक चावल को बढ़ावा देने के बारे में जागरूक किया गया।
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन द्वारा मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम हथकरघा तथा वस्त्रोद्योग विभाग उत्तर प्रदेश सरकार राकेश सचान, सांसद डुमरियागंज जगदंबिका पाल, नेता प्रतिपक्ष/विधायक इटवा माता प्रसाद पाण्डेय,विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी राही, विधायक शोहरतगढ़ विनय वर्मा,विधायक डुमरियागंज श्रीमती सैय्यदा खातून, जिलाध्यक्ष भाजपा कन्हैया पासवान, पूर्व बेसिक शिक्षा मंत्री डॉ सतीश चन्द्र द्विवेदी व अन्य जनप्रतिनिधियों को स्मृति चिन्ह व महात्मा बुद्ध का प्रसाद काला नमक चावल भेंट किया गया। मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह द्वारा कैबिनेट मंत्री, जनप्रतिनिधिगणों, वैज्ञानिकों एवं क्रेता विक्रेताओं का आभार प्रकट करते हुये धन्यवाद ज्ञापन किया गया। कार्यक्रम का संचालन नितेश पाण्डेय द्वारा किया गया।
इस अवसर पर उपरोक्त के अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रजत कुमार चौरसिया,ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी न्यायिक ज्ञान प्रकाश, पीडी नागेन्द्र मोहन राम त्रिपाठी, उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी मो0 मुजम्मिल, जिला भूमि संरक्षण अधिकारी कृषि रवि शंकर पाण्डेय, उपायुक्त उद्योग उदय प्रकाश, जिला उद्यान अधिकारी , जिला पूर्ति अधिकारी देवेन्द्र प्रताप सिंह, व अन्य सम्बंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

