Wed. Jul 1st, 2026

बांसी में अदालती विवाद के बीच आधी रात को बुलडोजर से ढहाया मकान व दुकान: पीड़ित ने पुलिस से की शिकायत

बांसी में अदालती विवाद के बीच आधी रात को बुलडोजर से ढहाया मकान व दुकान: पीड़ित ने पुलिस से की शिकायत

बांसी,सिद्धार्थनगर। कोतवाली बांसी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बांसी पथरा रोड पर रोडवेज चौराहा स्थित पटेलनगर मोहल्ले में जमीनी रंजिश और अदालती विवाद के चलते एक मकान और दो दुकानों को आधी रात को बुलडोजर से ढहाए जाने का बेहद गंभीर मामला प्रकाश में आया है। घटना को लेकर पीड़ित ने स्थानीय कोतवाली पुलिस को लिखित तहरीर देकर नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम खोजीपुर, थाना कोतवाली बांसी निवासी मदन मोहन सिंह पुत्र स्वर्गीय परमात्मा सिंह का एक मकान बांसी पथरा रोड पर रोडवेज चौराहा स्थित पटेलनगर (नगर पालिका परिषद बांसी) में स्थित है। इस मकान में दो दुकानें बनी हुई थीं, जो किराए पर संचालित हो रही थीं। पीड़ित मदन मोहन सिंह के मुताबिक, उक्त संपत्ति को लेकर उपजिलाधिकारी बांसी के न्यायालय में ‘मदन मोहन सिंह बनाम सुधा सिंह आदि’ का एक मुकदमा लंबे समय से विचाराधीन (लंबित) है।

पुलिस को दी गई तहरीर में मदन मोहन सिंह ने आरोप लगाया है कि विपक्षी गणों ने अदालत में चल रहे मुकदमे के साक्ष्य को मिटाने तथा संपत्ति पर अवैध रूप से आधिपत्य जमाने की नीयत से एक राय होकर इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। तहरीर के अनुसार, दिनांक 29/30 जून 2026 की मध्य रात्रि को विपक्षी सुधा सिंह (पत्नी बलराम सिंह), अरुण कुमार सिंह और विनय कुमार सिंह (पुत्रगण बलराम सिंह), निवासी ग्राम खोजीपुर ने आपस में गोलबंद होकर और आपराधिक षड्यंत्र रचते हुए एक बुलडोजर के माध्यम से उनके मकान और दुकानों को पूरी तरह से जमींदोज कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित तत्काल मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि उनकी दुकानों और मकान को पूरी तरह से मलबे में तब्दील कर दिया गया था। सूत्रों द्वारा ज्ञात हुआ है कि इस घटना को स्थानीय कई चश्मदीदों ने भी देखा है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *