महिला थाना पुलिस ने मानसिक रूप से अस्वस्थ नाबालिग बालिका को उसके परिजनों को किया सुपुर्द
सिद्धार्थनगर स्पष्ट आवाज। मंगलवार को भ्रमण के दौरान महिला थाना क्षेत्र अन्तर्गत लगभग 13-14 वर्षीय मानसिक रूप से अस्वस्थ बालिका मिली। वहीं उसकी पहचान स्थापित करने में कठिनाई हो रही थी। सूचना प्राप्त होते ही महिला थाना पुलिस द्वारा तत्परता दिखाते हुए बालिका को अपने संरक्षण में लिया गया तथा उसके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा गया। वहीं आवश्यक कार्यवाही करते हुए बालिका उससे किसी तरह उसका नाम करिश्मा पिता का नाम सुरेन्द्र व जिला महाराजगंज जानकारी प्राप्त की गई जिसके बाद उसका फोटो तथा यह डिटेल जनपद महाराजगंज के कई थानों पर देकर पता लगाया गया तो बालिका ग्राम गुलरिया थाना बृजमनगंज जनपद महाराजगंज की रहने वाली पाई गई जिसके घर वालों को थाना बृजमनगंज के माध्यम से सूचित करते हुए महिला थाना अथक प्रयासों के फलस्वरूप बालिका के परिजनों का पता लगाया गया। परिजनों को तत्काल थाना बुलाकर बालिका की पहचान कराई गई। जिसमें उन्होंने बालिका को अपनी पुत्री के रूप में पहचान लिया।
महिला थाना सिद्धार्थनगर की थाना प्रभारी भाग्यवती पाण्डेय ने औपचारिकताओं की पूर्ति के उपरान्त बालिका को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों द्वारा महिला थाना पुलिस टीम के इस सराहनीय कार्य हेतु आभार व्यक्त किया गया। इस सम्बन्ध में थाना प्रभारी भाग्यवती पाण्डेय, महिला थाना सिद्धार्थनगर ने कहा कि सदैव महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध रहते हुए इस प्रकार की कार्यवाही आगे भी जारी रखी जायेगी।

