Sun. Feb 15th, 2026

मिशन शक्ति के तहत यातायात पुलिस कमिश्नरेट तथा थाना नवाबगंज पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में छात्र-छात्राओं को किया गया जागरूक

प्रयागराज: 14 नवंबर 2025

मिशन शक्ति के तहत यातायात पुलिस कमिश्नरेट तथा थाना नवाबगंज पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में छात्र-छात्राओं को किया गया जागरूक

मिशन शक्ति के तहत विपिन चंद्रा इंटर कॉलेज व अजीत प्रताप इंटर कॉलेज में आयोजित संयुक्त कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने दिखाई उत्साहपूर्ण भागीदारी

प्रयागराज: थाना नवाबगंज क्षेत्र में बुधवार को उ0.प्र0. अपराध निरोधक समिति लखनऊ शाखा प्रयागराज चेयरमैन कमलेश श्रीवास्तव के निर्देशानुसार आज प्रयागराज मे, यातायात पुलिस कमिश्नरेट तथा थाना नवाबगंज के संयुक्त तत्वावधान में सड़क सुरक्षा, मिशन शक्ति और साइबर सुरक्षा विषयक व्यापक जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विपिन चंद्रा इंटर कॉलेज नाननसई एवं अजीत प्रताप इंटर कॉलेज शहाबपुर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। दोनों विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों व स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर कार्यक्रम को सार्थक बनाया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, महिलाओं के सुरक्षा अधिकारों एवं डिजिटल जगत में बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी प्रदान करना था।

जिला अपराध निरोधक समिति के सचिव, संतोष कुमार ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को गंभीर चिंता बताते हुए छात्रों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के व्यवहारिक उपाय बताए। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों पर सतर्कता ही सबसे बड़ा हथियार है। अज्ञात लिंक, फर्जी कॉल, ओटीपी ठगी और सोशल मीडिया फ्रॉड से बचना हर विद्यार्थी के लिए अनिवार्य है। उन्होंने डिजिटल साक्षरता, मजबूत पासवर्ड, ऑनलाइन जानकारी साझा न करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने पर जोर दिया। महिला उपनिरीक्षक शीतल वर्मा ने मिशन शक्ति के अंतर्गत छात्राओं को आत्मनिर्भर एवं साहसी बनने का आह्वान किया। उन्होंने महिलाओं के लिए उपलब्ध सरकारी सुरक्षा हेल्पलाइन 1090, 112, 181 की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि सुरक्षित रहना अधिकार भी है और जिम्मेदारी भी। उन्होंने छात्राओं को आत्मरक्षा के सरल उपाय बताए तथा बताया कि किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत मदद लेने में संकोच न करें।

उपनिरीक्षक रामचंद्र यादव ने अपराध निरोधक दृष्टिकोण से पुलिस एवं जनसहयोग को आवश्यक बताया,उन्होंने कहा कि समाज की सक्रिय भागीदारी से ही अपराधों पर पूर्ण विराम लगाया जा सकता है। उन्होंने बच्चों को गलत गतिविधियों से दूर रहने और जागरूक नागरिक बनने की प्रेरणा दी। ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर इंद्रपाल वर्मा ने सड़क सुरक्षा नियमों को जीवन रक्षा का संकल्प बताते हुए कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग दुर्घटना के जोखिम को कई गुना कम कर देता है। उन्होंने कहा कि यातायात अनुशासन का पालन न केवल स्वयं की, बल्कि अन्य राहगीरों की भी सुरक्षा सुनिश्चित करता है। उन्होंने छात्रों को सड़क पार करने, वाहन चलाने और पैदल यात्री सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण नियम भी बताए।

विद्यालयों में दिखा जोश, हुई प्रतियोगिताएँ- सड़क सुरक्षा, मिशन शक्ति और साइबर सुरक्षा पर आधारित पोस्टर प्रतियोगिता एवं प्रश्नोत्तरी में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विजेताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। दोनों विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों, थाना नवाबगंज के अधिकारियों तथा स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने कार्यक्रम की सराहना की। उत्कृष्ट सहयोग एवं समन्वय के लिए जिला अपराध निरोधक समिति व पुलिस विभाग द्वारा विद्यालय प्रबंधक, प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, उपनिरीक्षकों, मुख्य आरक्षियों एवं अन्य अधिकारियों को सम्मानित किया गया।

संतोष कुमार (सचिव, डी.सी.पी.सी. प्रयागराज), सेवानिवृत्त जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत सिन्हा, नोडल प्रभारी गंगापार अंकित सिंह, प्रधानाचार्य भरत चंद्र मिश्र, प्रधानाचार्य धर्मेंद्र प्रताप सिंह, क्षेत्रीय प्रभारी राम रूप, नरेंद्र कुमार, राजीव कुमार, उप निरीक्षक रामचंद्र यादव, उप निरीक्षक इंद्रजीत सिंह, मासूक अली, महिला उपनिरीक्षक शीतल वर्मा, उप निरीक्षक अमित कुमार चौबे, उप निरीक्षक सुभम सिंह,उप निरीक्षक रिजवान अहमद, हेड कांस्टेबल राजेश यादव, कांस्टेबल सौरभ सिंह, ट्रैफिक एस.आई. इंद्रपाल वर्मा, संदीप सोनी, अनिल विजय, संदीप शुक्ला एवं प्रदीप दुबे सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। नोडल प्रभारी, गंगापार अंकित सिंह ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी अधिकारियों, अध्यापकों और छात्रों का धन्यवाद देते हुए कहा कि भविष्य में और भी विद्यालयों में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *