गोरखपुर: 04 नवंबर 2025
मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन 6-लेन फ्लाईओवर व 2-लेन/4-लेन सड़क का किया निरीक्षण,संबंधित को दिए निर्देश
यूपी,गोरखपुर: मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद गोरखपुर में टीपी नगर चौक से पैडलेगंज मार्ग पर निर्माणाधीन गोरखपुर के 6-लेन फ्लाईओवर के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को सामान्य और टेक्निकल मैनपावर, मशीनें, उपकरण जैसे संसाधन बढ़ाकर फ्लाईओवर के निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने जनपद गोरखपुर में जगेसर पासी चौराहा से हड़हवा फाटक होते हुए एचएन सिंह चौक तक बन रही 2-लेन/4-लेन सड़क का 05 स्थानों पर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क चौड़ीकरण में जनसुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाए।सड़क के किनारे स्ट्रीट लाइटें बेतरतीब न रहें। सड़क और इसके आसपास के मोहल्ले में जलजमाव न होने पाए। नालों पर स्लैब डालकर उसे फुटपाथ जैसा बनाया जाए। निर्माण कार्य में तेजी लाएं और कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग तथा नगर निगम आपसी समन्वय बनाकर कार्य को गुणवत्ता के साथ पूर्ण करें।
मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में निर्माणाधीन विरासत गलियारे का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धर्मशाला बाजार से पाण्डेयहाता तक बन रहे विरासत गलियारे से किसी भी दुकानदार का हित बिल्कुल भी प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। जिन दुकानदारों की पूरी दुकान इस गलियारे के दायरे में आ गई है या फिर जिनकी दुकानों का आकार बहुत छोटा हो गया है, उन्हें एक कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाकर, उसमें दुकानें दी जाएंगी,मुख्यमंत्री ने इस नई व्यवस्था के लिए गोरखपुर विकास प्राधिकरण और नगर निगम के अधिकारियों को जरूरी तैयारियां करने के निर्देश दिए। साथ ही, कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को विरासत गलियारे का निर्माण कार्य तेज करने और गुणवत्ता पर विशेष जोर देने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता में किसी भी तरह की लापरवाही अक्षम्य होगी।

