Sun. Feb 15th, 2026

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के लगभग 28 लाख कर्मचारियों और पेंशनरों को दिया दीपावली का उपहार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के लगभग 28 लाख कर्मचारियों और पेंशनरों को दिया दीपावली का उपहार

लखनऊ: मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ ने प्रकाश पर्व दीपावली के अवसर पर प्रदेश के लगभग 28 लाख कर्मचारियों और पेंशनरों को महंगाई भत्ता (डीए) और महंगाई राहत (डीआर) की दरों में वृद्धि का उपहार दिया है। अब प्रदेश के सभी पात्र 16.35 लाख कर्मचारियों एवं 11.52 लाख पेंशनरों व पारिवारिक पेंशनरों को 01 जुलाई, 2025 से 55% के स्थान पर 58% की दर से महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत का लाभ प्राप्त होगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए हैं कि बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता एवं राहत का भुगतान माह अक्टूबर, 2025 से नकद रूप में किया जाए। व्यापक हित में लिए गए इस निर्णय से मार्च, 2026 तक राज्य सरकार पर ₹1,960 करोड़ का अतिरिक्त व्यय भार आएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपने कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। महंगाई के प्रभाव से उन्हें राहत पहुंचाना और उनके जीवनस्तर में सुधार करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस निर्णय का लाभ सभी कर्मचारियों को मिलेगा,जिनमें सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थानों के कर्मचारी, शहरी स्थानीय निकायों के नियमित एवं पूर्णकालिक कर्मचारी, कार्यप्रभारित कर्मचारी तथा यूजीसी वेतनमान के कर्मचारी शामिल हैं। यह निर्णय प्रदेश के लाखों कर्मचारियों और पेंशनरों के प्रति संवेदना और सम्मान का प्रतीक है। दीपावली का यह उपहार उनके जीवन में नई ऊर्जा, प्रसन्नता और समृद्धि लेकर आएगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *