मुख्यमंत्री योगी ने उच्च शिक्षण संस्थानों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा का किया शुभारंभ
उच्च शिक्षण संस्थानों के लिए मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत आज ₹5 लाख प्रति वर्ष की कैशलेस चिकित्सा सुविधा का शुभारंभ हुआ है।मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेशभर के उच्च शिक्षण संस्थानों से जुड़े 2 लाख से अधिक शिक्षकों,शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं उनके परिवारों सहित लगभग 10 लाख लाभार्थियों को हार्दिक बधाई दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गुरु पूर्णिमा से पूर्व उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा सुविधा का उपहार प्रदेश के सभी उच्च शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों को प्रदान करते हुए मुझे अत्यंत आनंद की अनुभूति हो रही है।इस सुविधा के माध्यम से विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों- चाहे वे राजकीय हों, शासकीय सहायता प्राप्त अशासकीय हों अथवा स्ववित्तपोषित प्रबंधन के अंतर्गत संचालित- सभी को इससे आच्छादित किया जा रहा है। इसके साथ ही शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को भी इस योजना से जोड़ा जा रहा है। सीएम योगी ने कहा कि मैं प्रदेश के उच्च शिक्षण संस्थानों से जुड़े शिक्षकों तथा उनके परिजन को हृदय से बधाई देता हूं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा के साथ ही आज हमने पंजाब नेशनल बैंक के साथ एक (MOU) एमओयू किया है! जिसके माध्यम से शिक्षकों को सामाजिक सुरक्षा का अतिरिक्त संरक्षण भी प्राप्त होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दुर्भाग्यवश यदि किसी शिक्षक के साथ कोई दुर्घटना होती है, तो पंजाब नेशनल बैंक द्वारा उस शिक्षक के परिवार को ₹1.5 करोड़ तक की सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी,विमान दुर्घटना में मृत्यु की स्थिति में ₹3 करोड़ तक का बीमा लाभ प्रदान किया जाएगा,इसके अतिरिक्त, अस्पताल में उपचार हेतु ₹60,000 तक की कैश सुविधा तथा ₹12 लाख तक का “टर्म लाइफ इंश्योरेन्स कवर” भी उपलब्ध कराया जाएगा।

