सवा दो लाख अधिक दीपों की रोशनी से जगमगा उठा गालापुर महाकाली मंदिर,दीपोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब
News17 india.com
डुमरियागंज, सिद्धार्थनगर। शारदीय नवरात्र की पंचमी पर गालापुर स्थित मां महाकाली धाम में आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। गुरुवार की शाम धर्म रक्षा मंच के तत्वावधान में आयोजित भव्य दीपोत्सव में पूरा मंदिर परिसर सवा दो लाख से अधिक दीपों की रोशनी से जगमगा उठा।मंदिर प्रांगण में जैसे ही एक साथ लाखों दीप प्रज्वलित हुए, पूरा परिसर दिव्य आभा से आलोकित हो गया। रंग-बिरंगी रंगोलियों, स्वास्तिक, ओम, माता के चरण चिन्ह और जय माता दी के प्रतीकों से सुसज्जित मंदिर की छटा देखते ही बन रही थी। देर रात तक श्रद्धालुओं के दीपदान और दर्शन-पूजन का क्रम जारी रहा।
दीपोत्सव का शुभारंभ जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन, पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार और धर्म रक्षा मंच के मुख्य संरक्षक व पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने मां महाकाली की विधि-विधान से आरती उतारकर और प्रथम दीप प्रज्वलित कर किया।
आयोजकों के अनुसार धर्म रक्षा मंच की ओर से सवा लाख दीपों की व्यवस्था की गई थी, जबकि श्रद्धालुओं ने एक लाख से अधिक दीपों का दान किया। विशेष आकर्षण के रूप में गोबर से बने 2100 दीप और महिलाओं द्वारा कच्ची मिट्टी से हाथों से तैयार किए गए 5100 दीप भी प्रज्वलित किए गए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने कहा कि यह दीपोत्सव अंधकार पर प्रकाश की विजय का प्रतीक है और इसकी गहरी आध्यात्मिक महत्ता है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने आयोजन को अद्भुत और अविस्मरणीय बताते हुए श्रद्धालुओं और आयोजन समिति को बधाई दी। मुख्य संरक्षक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि गालापुर का यह दीपोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और एकता का प्रतीक बन चुका है। यहां जाति-पाति से ऊपर उठकर हजारों श्रद्धालुओं ने एक साथ दीपदान कर एकता का संदेश दिया।
मंदिर व्यवस्थापक ठाकुर प्रसाद मिश्रा ने बताया कि इस वर्ष श्रद्धालुओं में पिछले वर्षों की अपेक्षा अधिक उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए थे। मौके पर फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और डॉक्टरों की टीम अलर्ट पर रही। श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क चिकित्सा शिविर भी लगाया गया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य, फतेह बहादुर सिंह, एसडीएम विवेकानंद मिश्र, सीओ बृजेश कुमार वर्मा, विनोद बाबा, डॉ. दशरथ चौधरी, मधुसूदन अग्रहरि सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग व श्रद्धालु भक्त मौजूद रहे।

