सीडीओ ने प्राथमिक विद्यालय दोहनी में रोपे हरिशंकरी के पौधे,पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
सिद्धार्थनगर। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सामाजिक वानिकी वन प्रभाग सिद्धार्थनगर के बांसी रेंज की ओर से विकासखंड जोगिया के प्राथमिक विद्यालय दोहनी परिसर में हरिशंकरी पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने पीपल, बरगद और पाकड़ के पौधों का संयुक्त रूप से रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने कहा कि हरिशंकरी भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति आस्था का प्रतीक है। पीपल, बरगद और पाकड़ का संयुक्त रोपण धार्मिक महत्व के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन, जैव विविधता संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और नियमित देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है। पौधों का संरक्षण कर ही आने वाले समय में हरियाली और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान जनपद स्तरीय अधिकारियों, वन विभाग के कर्मचारियों और आमजन ने भी पौधरोपण किया। अधिकारियों का स्वागत एवं धन्यवाद ज्ञापन क्षेत्रीय वन अधि पर्याप्ताकारी बांसी शिवकुमार गुप्ता ने किया। इसी क्रम में जनपद के सभी वन रेंजों में क्षेत्रीय वन अधिकारियों की देखरेख में हरिशंकरी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
बांसी रेंज के गौरी पाठक और खोरिया रघुवीर सिंह गांव में प्रधान प्रतिनिधि नारायण स्वरूप पाठक, सलाउद्दीन और सचिव राजदेव मिश्रा द्वारा हरिशंकरी पौधरोपण किया गया। कार्यक्रम की सफलता पर डीएफओ नीला एम. एवं एसडीओ वीना तिवारी ने सभी वन क्षेत्राधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की।अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी और पौधों का संरक्षण बेहद जरूरी है।

