Fri. Mar 28th, 2025

उरई(जालौन)/सांस्कृतिक एवं रंगारंग कार्यक्रमों के साथ धूमधाम से मनाई गई महाराज सुहेलदेव की जयंती

उरई(जालौन)/सांस्कृतिक एवं रंगारंग कार्यक्रमों के साथ धूमधाम से मनाई गई महाराज सुहेलदेव की जयंतीblank blank

उरई (जालौन)। जनपद में महाराजा सुहेलदेव जयन्ती समारोह धूमधाम एवं भव्य तरीके से मनाया गया। इस अवसर पर जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
जनपद स्तर पर मुख्य कार्यक्रम कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय मुसमरिया विकास खण्ड महेवा में आयोजित हुआ जहां पर विधायक कालपी नरेन्द्र पाल सिंह जादौन, विधायक सदर गौरी शंकर वर्मा, जिलाध्यक्ष भाजपा रामेन्द्र सिंह वना, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन द्वारा दीप प्रज्जवलित कर माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण किया तथा शहीद स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।
इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये। जनप्रतिनिधि एवं जिलाधिकारी द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को शाल उढ़ाकर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात दोपहर ग्यारह बजे चित्तौरा, बहराइच से प्रधानमंत्री ने महाराजा सुहेलदेव जी के स्मारक का शिलान्यास किया जिसका सजीव प्रसारण वेबलिंक के माध्यम से दिखाया गया तथा महाराजा सुहेलदेव जी के शौर्य एवं बलिदान पर आधारित गौरवगीत के गायन एवं चलचित्र के साथ प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री का वर्चुअल उद्बोधन एवं आर्शीवचन भी प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में बताया गया कि भारतवर्ष के इतिहास में मध्यकाल ग्यारहवीं शती में उत्तर प्रदेश के बहराइच में महाराजा सुहेलदेव एक प्रतापी राजा हुये, जिन्होने विदेशी आक्रान्ताओं से भारतीय संस्कृति एवं विरासत की रक्षा की। महाराजा सुहेलदेव जी का शौर्य एवं पराक्रम वर्तमान पीढ़ी के लिए एक गौरवशाली उदाहरण हैं। विदेशी आक्रान्ताओं से मुकाबला करने के लिए 21 राज्यों का संगठन बनाकर कुशल रणनीति के रूप में विशिष्ट युद्धकला के माध्यम से महाराजा सुहेलदेव जी ने विजय प्राप्त की। विश्व के इतिहास में एक महत्वपूर्ण संगठनकर्ताओं के रूप में महाराजा सुहेलदेव जी का यह कार्य एक प्रेरणास्रोत हैं। महाराजा सुहेलदेव जी ने देश की राजनीतिक एवं सांस्कृतिक सुरक्षा के साथ-साथ जल संरक्षण, गौ-संरक्षण एवं जन कल्याण की दिशा अनेक कार्य किये, जिससे आमजनमानस को अत्यन्त लाभ हुआ।
महाराजा सुहेलदेव जी के शौर्य एवं बलिदान पर अनेक घटनाएं, जनश्रुतियों, लोकगीतों एवं वाचिक परम्परा में विद्यमान है, जिन पर विशिष्ट शोध की आवश्यकता हैं। सजीव प्रसारण में मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज ज्ञान की देवी माँ सरस्वती का पावन दिवस है, साथ ही आज विदेशी आक्रान्ताओं इस धरती को पूरी तरह से सुरक्षित करने के लिए अपना शौर्य एवं पराक्रम का प्रदर्शन इस धरती पर करने वाले धर्मरक्षक, राष्ट्रनायक महाराजा सुहेलदेव की पावन जयंती का कार्यक्रम भी है। साथ ही प्रधानमंत्री के द्वारा महाराजा सुहेलदेव जी के भव्य स्मारक का शिलान्यास एवं इस क्षेत्र में महाराजा सुहेलदेव जी के नाम पर मेडिकल कालेज का उद्घाटन भी किया जा रहा हैं।
उन्होने कहा कि हमें महाराजा सुहेलदेव जी के जीवनमूल्यों से प्रेरणा लेने की आवश्यकता हैं। प्रधानमंत्री के द्वारा वर्ष 2012 में महाराजा सुहेलदेव जी के नाम पर डाकटिकट को परिचालन में लाया गया था। प्रधानमंत्री ने सबका साथ, सबका विकास और सबके विश्वास की जो बात कही है, उस पर उत्तर प्रदेश सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुये समाज के प्रत्येक तबके को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने तथा सुरक्षा और सम्मान का भाव पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इतिहास के महानायकों के प्रति भी पूरी श्रद्धा और सम्मान का भाव व्यक्त करते हुए जहां कही भी उनके स्मारक और उनकी स्मृतियां होगी, उनकी स्थापना के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगे।
सजीव प्रसारण में प्रधानमंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि अपने पराक्रम से मातृभूमि का मान बढ़ाने वाले राष्ट्रनायक महाराजा सुहेलदेव जी की जन्मभूमि एवं ऋषि-मुनियों की तपोभूति (बहराइच) की पावन धरा को मै आदरपूर्वक नमन करता हूँ। बसंत पंचमी की सभी देशवासियों को मंगलकामनाएं। माँ सरस्वती भारत के ज्ञान-विज्ञान को और समृद्ध करे। आज का दिन विद्या आरंभ और अक्षर ज्ञान के लिए बहुत शुभ माना जाता हैं। उन्होने कहा कि भारतीयता, हमारी संस्कृति हमारे संस्कारों के लिए ढाल बनकर खड़े होने वाले महानायक महाराजा सुहेलदेव जी का जन्मोत्सव हमारी खुशियों को आज और बढ़ा रहा हैं।
आज इस शुभ अवसर पर महाराजा सुहेलदेव जी के स्मारक के भव्य शिलान्यास का शौभाग्य मिला हैं। यह आधुनिक और भव्य स्मारक एतिहासिक चित्तौरा झील का विकास बहराइच पर महाराजा सुहेलदेव जी के आर्शीवाद को बढ़ायेगा, साथ ही आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करेगा। आज महाराजा सुहेलदेव जी के नाम पर बनाये गये मेडिकल कालेज को एक नया औ उच्च भवन भी मिला हैं। बहराइच जैसे जिले में बनाये गये मेडिकल सुविधाओं को बढ़ना यहां के लोगो के जीवन को आकांक्षी बनायेगा। साथ ही इसका लाभ आसपास के जिले के लोगो को भी मिलेगा।
उन्होने कहा कि बीते कुछ सालों में देश भर में इतिहास, आस्था, आध्यात्म एवं संस्कृति से जुड़े जितने भी स्मारकों का निर्माण किया जा रहा है, उनका बहुत बड़ा लक्ष्य पर्यटन को बढ़ावा देने का भी हैं। उत्तर प्रदेश पर्यटन और तीर्थनन दोनो के मामलों में समृद्ध भी है और इसकी क्षमताएं भी अपार हैं। विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने में उत्तर प्रदेश टॉप तीन राज्यों में आज चुका हैं। पर्यटन विकास की दृष्टि से उत्तर प्रदेश में कई एयरपोर्ट निर्माण का कार्य चल रहा हैं। साथ ही चैड़ी सड़कें भी बनायी जा रही हैं। उत्तर प्रदेश में एयरपोर्ट, रोड कनेक्टिविटी के साथ रेल कनेक्टिविटी भी आधुनिक हो रही हैं।
कार्यक्रम जिलाध्यक्ष भाजपा, विधायक सदर एवं विधायक कालपी ने भी महाराजा सुहेलदेव जी के जयन्ती पर उनके व्यक्तित्व एवं कृत्तिव पर प्रकाश डाला। इसके उपरान्त जिलाधिकारी महोदया द्वारा अपने सम्बोधन में कहा गया कि शासन द्वारा जो भी कल्याणकारी योजनायें संचालित की जा रही है उन सबका पात्र व्यक्तियों को उसका लाभ दिया जायेगा।
उन्होने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री जी द्वारा कल ‘मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना‘ का शुभारम्भ किया जिसमें प्रदेश के गरीब बच्चों का अब आईएएस, आईपीएस बनने के लिये कोचिंग सेन्टरर्स की भारी भरकम फीस नही अदा करनी होगी। उन्होने विद्यालयों के बच्चों के प्रस्तुति पर काफी प्रसन्नता जाहिर की।
अन्त में उपस्थित जनप्रतिनिधि एवं अन्य व्यक्तियों द्वारा राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। तदोरान्त जनप्रतिनिधि एवं जिलाधिकारी द्वारा विभागीय योजनाओं से संबंधित स्टाल का अवलोकन किया गया।

(उरई जालौन से wisdom way संवाददाता रामु शर्मा की रिपोर्ट…)

Related Post