Sat. Jul 4th, 2026

ट्रॉमा नेटवर्क होगा मजबूत, हर मंडल में बनेगा आधुनिक कैंसर केंद्र-सीएम योगी

ट्रॉमा नेटवर्क होगा मजबूत, हर मंडल में बनेगा आधुनिक कैंसर केंद्र- सीएम योगी

सीएम योगी ने एकीकृत ट्रॉमा नेटवर्क और एआई आधारित डिजिटल रेफरल सिस्टम विकसित करने के दिए निर्देश

कैंसर रोकथाम, शीघ्र पहचान और गुणवत्तापूर्ण उपचार पर रहेगा जोर- सीएम योगी

लखनऊ। प्रदेश में एकीकृत ट्रॉमा नेटवर्क विकसित किया जाएगा। इसका उद्देश्य दुर्घटना या आपात स्थिति में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के भीतर उपचार देना है। साथ ही, हर जिले में कैंसर केयर की सुविधाएं भी बढ़ाई जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिए हैं। उन्होंने शुक्रवार को स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के विशेषज्ञों के साथ बैठक की। इसमें राज्य कैंसर टास्क फोर्स और उत्तर प्रदेश ट्रॉमा एवं इमरजेंसी नेटवर्क (यूपीटीईएन) की कार्ययोजनाओं की समीक्षा हुई।

मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों को चरणबद्ध और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था को उपचार केंद्रित न रखकर रोकथाम, शीघ्र पहचान और गुणवत्तापूर्ण उपचार पर बल दिया। मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने को कहा। एआई आधारित डिजिटल रेफरल प्रणाली भी विकसित की जाएगी। इसका लक्ष्य 95 फीसदी आबादी को 60 मिनट के भीतर विशेषज्ञ आपात चिकित्सा उपलब्ध कराना है।

कैंसर उपचार सुविधाओं का विस्तार: मुख्यमंत्री ने हर जिले में चरणबद्ध रूप से कैंसर उपचार सुविधाओं के विकास का निर्देश दिया। हर मंडल में आधुनिक कैंसर केंद्र स्थापित किए जाएंगे। कैंसर की रोकथाम, समय पर स्क्रीनिंग और शीघ्र निदान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। तंबाकू जनित कैंसर की रोकथाम के लिए जनजागरूकता अभियान चलेगा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से जिला अस्पतालों तक नियमित कैंसर स्क्रीनिंग सुनिश्चित होगी। मरीजों की स्क्रीनिंग से उपचार तक की पूरी व्यवस्था डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ेगी। देर से जानकारी मिलने के कारण कैंसर एक गंभीर जनस्वास्थ्य चुनौती है। इसके लिए वर्ष 2026 से 2036 तक का 10 वर्षीय राज्य कैंसर रोडमैप तैयार किया गया है। यह रोडमैप आठ प्रमुख स्तंभों पर आधारित होगा। बाल्यावस्था कैंसर के लिए भी सभी प्रमुख केंद्रों पर समग्र उपचार सुविधा विकसित की जाएगी।

सीएम योगी ने महंत नृत्य गोपाल दास का जाना हाल: लखनऊ में सीएम योगी ने शुक्रवार को निजी अस्पताल जाकर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास से भेंट की। उन्होंने चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। मुख्यमंत्री ने यह जानकारी सोशल मीडिया पर दी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *