डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव डेवलपमेंट कमेटी की बैठक जिलाधिकारी ने दिए अफसरों को निर्देश,किसानों के लिए खाद की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित हो
जिलाधिकारी ने बैठक में दिए निर्देश! जरूरी कागजात देखकर तय रेट पर
करें खाद का वितरण,ओवररेटिंग की शिकायत पाए जाने पर होगी सख्त कार्रवाई
सिद्धार्थनगर।डीएम शिवशरणप्पा जीएन ने मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव डेवलपमेंट कमेटी की बैठक की। बैठक में सहकारी समितियों के विस्तार, सुदृढ़ीकरण और किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सहकारी समितियों पर किसानों के लिए उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें।
उन्होंने उर्वरकों का वितरण निर्धारित नियमों के अनुरूप कराने व इसकी नियमित निगरानी करने के भी निर्देश दिए ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। बैठक में जनपद में नए प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समितियों (पैक्स) के गठन के लिए स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्णय लिया गया। साथ ही नवगठित समितियों को अधिक प्रभावी बनाने व उनके भवन निर्माण के लिए राजस्व विभाग से
समन्वय स्थापित कर भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने बैठक में कहा कि जरूरी कागजात देख तय रेट पर करें खाद का वितरण,ओवररेटिंग की शिकायत पाए जाने पर होगी सख्त कार्रवाई।
डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर संचालित उर्वरक की दुकानों का निरीक्षण एसडीएम विवेकानंद मिश्र ने कृषि विभाग के जिम्मेदारों के साथ मंगलवार को किया।निरीक्षण के दौरान दुकानदारों के स्टाक, विक्रय अभिलेख आदि की जांच कर विक्रेताओं को निर्देश दिया कि तय रेट पर खाद का वितरण जरूरी कागजात जांचने के बाद किया जाए। कालाबाजारी करने वाले विक्रेता की शिकायत मिलने पर जांच के उपरांत जरूरी कार्रवाई तय है।
एसडीएम ने निरीक्षण के दौरान बुढऊ स्थित उपाध्याय खाद भंडार, चौखड़ा जयश्री खाद भंडार, पेडरियाजीत द्विवेदी फर्टिलाइजर एवं ओपी ट्रेडिंग कंपनी सिसई का जांच किया गया। निरीक्षण के दौरान उर्वरकों के स्टॉक, विक्रय अभिलेख, स्टॉक एवं मूल्य प्रदर्शन, लाइसेंस तथा खतौनी और फॉर्मर रजिस्ट्री अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई। संबंधित विक्रेताओं को उर्वरकों का विक्रय निर्धारित दरों पर करने और स्टॉक एवं मूल्य सूची का नियमित प्रदर्शन करने तथा उर्वरक नियंत्रण आदेश (एफसीओ) एवं विभागीय निर्देशों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान विषय वस्तु विशेषज्ञ अनूप द्विवेदी आदि मौजूद रहे।इसी क्रम में तहसीलदार अजय कुमार ने भवानीगंज क्षेत्र के हसीनाबाद चौराहे पर संचालित खाद की दुकान का निरीक्षण कर विक्रेता को जरूरी दिशा-निर्देश दिया गया है।
उपरोक्त बैठक में सीडीओ बलराम सिंह, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता प्रकाश बहादुर गौतम, अपर जिला कृषि अधिकारी सूरज मौर्य, जिला उद्यान अधिकारी विमलकांत, जिला गन्ना अधिकारी ललितमौर्य, सहायक निदेशक मत्स्यनंद किशोर, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. गणेश प्रसाद आदि मौजूद रहे।

