डीएम ने हर घर जल योजना का किया स्थलीय निरीक्षण: ग्रामीणों से संवाद कर पेयजल आपूर्ति की ली जानकारी
सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने जल जीवन मिशन (हर घर जल) योजना के तहत विकास खंड नौगढ़ की ग्राम पंचायत पारा नानकार में नवनिर्मित पाइप पेयजल योजना का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जलापूर्ति की गुणवत्ता, पाइपलाइन, ओवरहेड टैंक और पंप हाउस की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। जिलाधिकारी को अधिकारियों द्वारा बताया कि वर्ष 2021-22 में स्वीकृत इस योजना के अंतर्गत प्रस्तावित 341 गृह जल संयोजनों के सापेक्ष वर्तमान में 403 घरों में से 396 घरों को जल कनेक्शन उपलब्ध कराया जा चुका है,और बीते डेढ़ वर्ष से अधिक समय से ग्रामीणों को नियमित जलापूर्ति की जा रही है। योजना को दिसंबर 2025 से संचालन एवं अनुरक्षण में भी शामिल कर लिया गया है।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान सीधे ग्रामीणों के बीच पहुंचे और संवाद कर जानकारी ली कि उन्हें नियमित, पर्याप्त दबाव के साथ शुद्ध पेयजल मिल रहा है या नहीं। उन्होंने जल निगम के अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि जलापूर्ती सुचारू रूप से जारी रहे तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जहां भी पाइपलाइन लीकेज या टूट-फूट की शिकायतें मिलें, वहां तत्काल मरम्मत कराई जाए ताकि जल की बर्बादी रोकी जा सके।जिलाधिकारी ने हर घर जल योजना को ग्रामीणों के जीवन स्तर सुधारने की महत्वपूर्ण पहल बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों को सतर्कता और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता जल निगम संजय कुमार जायसवाल सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

