Fri. Jul 24th, 2026

दाह संस्कार के दौरान बानगंगा नदी के बैदौली घाट में स्नान करने गए तीन नव-युवक डूबे! स्थानीय गोताखोरों द्वारा तलाश जारी

दाह संस्कार के दौरान बानगंगा नदी के बैदौली घाट में स्नान करने गए तीन नव-युवक डूबे! स्थानीय गोताखोरों द्वारा तलाश जारी

शोहरतगढ विधायक विनय वर्मा प्राशसनिक अधिकारियों के साथ घटना स्थल पर मौजूद रहे

शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर। थाना क्षेत्र शोहरतगढ़ के बैदौली घाट पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में अन्तिम संस्कार के बाद स्नान करने बानगंगा नदी में उतरे तीन युवक डूब गये। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही शोहरतगढ के विधायक विनय वर्मा, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे और एसडीआरएफ तथा स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर शाम तक तीनों युवकों की तलाश जारी रही।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक विकास खण्ड जोगिया की ग्राम पंचायत मधवापुर के टोला मिझुनिया निवासी 85 वर्षीय कंचन पत्नी राम मुकुट का निधन हो गया था। उनका अन्तिम संस्कार करने के लिए परिजन एवं ग्रामीण शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र स्थित बैदौली घाट पहुंचे थे। अन्तिम संस्कार के बाद गांव के 17 वर्षीय शिवा चौहान पुत्र राममूरत तथा 17 वर्षीय रवि वरुण पुत्र रामरूप स्नान करने के लिए नदी में उतरे। इस दौरान दोनों युवक गहरे पानी में चले गये और डूबने लगे। दोनों को बचाने के प्रयास में गांव का ही 18 वर्षीय मोनू वरुण पुत्र बबलू नदी में कूद गया, लेकिन वह भी गहराई और तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया। देखते ही देखते तीनों युवक नदी में लापता हो गये।

वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बढ़नी ब्लॉक की ग्राम पंचायत तालकुण्डा के केवटालिया गांव निवासी राहुल पुत्र रामबेलास भी तीनों को बचाने के लिए नदी में उतरे, लेकिन वह सफल नहीं हो सके। हालांकि उन्होंने किसी तरह अपनी जान बचाकर सुरक्षित निकलकर बाहर आ गए।

यह हादसा गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ। काफी देर तक जब तीनों युवक नदी से बाहर नहीं निकले तो मौके पर हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर काफी देर तक तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर पुलिस एवं प्रशासन को सूचना दी। ग्रामीणों ने बताया कि शिवा चौहान मृतका का नाती था। वह अपनी दादी के अन्तिम संस्कार में शामिल होने के लिए गुरुवार को ही दिल्ली से गांव आया था। परिजनों ने उसे नदी में स्नान करने से मना भी किया था, लेकिन वह साथियों के साथ नदी में उतर गया और हादसे का शिकार हो गया। ग्रामीणों के अनुसार बैदौली घाट के पास बानगंगा नदी का यह हिस्सा काफी गहरा है। बरसात के मौसम में जलस्तर और तेज बहाव के कारण यहां दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। प्रशासन ने लोगों से गहरे पानी में उतरने से बचने तथा सावधानी बरतने की अपील की है।

उपरोक्त घटना की सूचना मिलते ही विधायक विनय वर्मा,एसडीएम राजेश कुमार, क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी, तहसीलदार प्रकाश सिंह, नायब तहसीलदार माधुर्य यादव, थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह, लेखपाल आशीष संगम, निरीक्षक अवधेश पाण्डेय, सांसद प्रभारी सूर्य प्रकाश पाण्डेय, रोशन श्रीवास्तव, ग्राम प्रधान धर्मबीर, राम अचल, समाजसेवी अनिल चौधरी, सिद्धार्थ चौधरी,अनिल अग्रहरि सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंच गए।

विधायक विनय वर्मा ने अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली तथा राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये। पुलिस ने एसडीआरएफ तथा स्थानीय गोताखोरों की सहायता से तीनों युवकों की तलाश शुरू कराई। समाचार लिखे जाने तक रेस्क्यू अभियान जारी था, लेकिन तीनों युवकों का अभी तक कोई पता नहीं चल सका था।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *