सिद्धार्थनगर 16 फरवरी 2021
सिद्धार्थनगर/महाराजा सुहेलदेव जयंती समारोह में मंत्री स्वास्थ्य उ0प्र0 द्वारा चन्द्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का किया शुभारम्भ
जनपद में महाराजा सुहेलदेव जयन्ती समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। तेजगढ़ के अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद स्मारक स्थल पर मंगलवार को महाराजा सुहेलदेव जयंती समारोह में मंत्री स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, शिशु कल्याण उ0प्र0 जय प्रताप सिंह द्वारा चन्द्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारम्भ किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से महाराजा सुहेलदेव जी के शौर्य एवं बलिदान पर आधारित ‘‘गौरवगीत’’ के गायन एवं चलचित्र के साथ प्रधानमंत्री जी एवं मुख्यमंत्री जी का वर्चुअल उद्बोधन एवं आर्शीवचन भी प्रस्तुत किये गए। मुख्य कार्यक्रम जनपद बहराइच में महाराजा सुहेलदेव के भव्य स्मारक व चित्तौरा झील की विकास योजना तथा महाराज सुहेलदेव स्वाशासी राज्य चिकित्सा बहराइच के लोकार्पण का प्रधानमंत्री द्वारा वर्चुवल शिलान्यास कार्यक्रम के साथ शुरू हुआ।
सजीव प्रसारण में प्रधानमंत्री जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि अपने पराक्रम से मातृभूमि का मान बढ़ाने वाले राष्ट्रनायक महाराजा सुहेलदेव जी की जन्मभूमि एवं ऋषि-मुनियों की तपोभूमि (बहराइच) की पावन धरा को मैं आदरपूर्वक नमन करता हूँ। वसंत पंचमी की सभी देशवासियों को मंगलकामनाएं। माँ सरस्वती भारत के ज्ञान-विज्ञान को और समृद्ध करे। आज का दिन विद्या आरंभ और अक्षर ज्ञान के लिए बहुत शुभ माना जाता है। उन्होंने कहा कि भारतीयता, हमारी संस्कृति हमारे संस्कारों के लिए ढाल बनकर खड़े होने वाले महानायक महाराजा सुहेलदेव जी का जन्मोत्सव हमारी खुसियों को आज और बढ़ा रहा है।
सजीव प्रसारण में मुख्यमंत्री जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज ज्ञान की देवी मात सरस्वती का पावन दिवस है, साथ ही आज विदेशी आक्रान्ताओं इस धरती को पूरी तरह सुरक्षित करने के लिए अपना शौर्य एवं पराक्रम का प्रदर्शन इस धरती पर करने वाले धर्मरक्षक, राष्ट्रनायक महाराजा सुहेलदेव की पावन जयंती का कार्यक्रम भी है। साथ ही आज मा0 प्रधानमंत्री जी के द्वारा महाराजा सुहेलदेव जी के भव्य स्मारक का शिलान्यास एवं इस क्षेत्र में महाराजा सुहेलदेव जी के नाम पर मेडिकल काॅलेज का उद्घाटन भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमें महाराजा सुहेलदेव जी के जीवनमूल्यों से प्रेरणा लेने की आवश्यता है। प्रधानमंत्री जी ने सबका साथ, सबका विकास और सबके विश्वास की जो बात कही है, उस पर उत्तर प्रदेश सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए समाज के प्रत्येक तबके को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने तथा सुरक्षा और सम्मान का भाव पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इतिहास के महानायकों के प्रति भी पूरी श्रद्धा और सम्मान का भाव व्यक्त करते हुए जहां कहीं भी उनके स्मारक और उनकी स्मृतियां होंगी, उनकी स्थापना के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
मंत्री स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, शिशु कल्याण उ0प्र0 जय प्रताप सिंह ने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा ऐसे देशभक्त को सम्मानित करने का कार्य किया जा रहा है। वर्तमान सरकार का नारा है सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास। आज महाराज सुहेलदेव की जयन्ती के अवसर पर प्रदेश के समस्त जनपदों में महाराजा सुहेलदेव की जयन्ती मनायी जा रही है। महाराजा सुहेलदेव के जीवन आदर्शो पर चलकर ही हम अपना जीवन धन्य बना सकते हैं। महाराजा सुहेलदेव ने देश के लिए जो कुर्बानी दी उसे हम भूल नहीं सकते। हम सब को उनके पद चिन्हों पर चलकर देश के कल्याण के लिए कार्य करना होगा।
इस दौरान जिलाधिकारी दीपक मीणा, पुलिस अधीक्षक राम अभिलाष त्रिपाठी, तहसीलदार बांसी अरुण कुमार वर्मा, खंड विकास अधिकारी सुशील कुमार पाण्डेय, एडीओ पंचायत जयप्रकाश राय, सहित स्वतंत्रता सेनानी द्वारिका प्रसाद यादव के पुत्र सूर्य नारायण यादव अतुल चंद्र त्रिपाठी समेत भारी संख्या में आम जनमानस की उपस्थिति रही.
(न्यूज़ 17 इंडिया एडिटर इन चीफ विजयकुमारमिश्रा)