Sat. Apr 18th, 2026

सीएम योगी ने शारदीय नवरात्र पर नन्ही कन्याओं के पांव पखारकर..मातृ शक्ति की आराधना

सीएम योगी ने शारदीय नवरात्र पर नन्ही कन्याओं के पांव पखारकर..मातृ शक्ति की आराधना

शारदीय नवरात्र की महानवमी पर नौ दुर्गा स्वरुपा कुंवारी कन्याओं का गोरक्षपीठाधीश्वर ने किया पूजन

सीएम योगी की अगुवाई में गोरखनाथ मंदिर में आज निकलेगी शोभायात्रा

गोरखनाथ मंदिर परिसर में कन्या पूजन करते मुख्यमंत्री योगी

कन्याओं व बटुकों को अपने हाथों से भोजन परोसा गोरक्षपीठाधीश्वर का

नारी शक्ति की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को समर्पित है सरकार

गोरखपुर। विजयादशमी के अवसर पर बृहस्पतिवार को गोरखनाथ मंदिर से गोरक्षपीठाधीश्वर व सीएम योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में शोभायात्रा निकाली जाएगी,इसके पूर्व सुबह 9:20बजे गोरक्षपीठाधीश्वर श्रीनाथजी का पूजन करेंगे। साथ ही गोरखनाथ मंदिर में समस्त देव विग्रहों का पूजन करेंगे। दोपहर में गोरक्षीठाधीश्वर का तिलकोत्सव कार्यक्रम मनाया जाएगा,शाम को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी,इस कार्यक्रम में गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देंगे। शाम चार बजे से गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। पीठाधीश्वर, गुरु गोरखनाथ का आशीर्वाद लेकर रथ पर सवार होंगे,तुरहीं, नगाड़े व बैंड बाजे की धुन के बीच गोरक्षपीठाधीश्वर की शोभायात्रा मानसरोवर मंदिर पहुंचेगी,यहां गोरक्षपीठाधीश्वर, गोरक्षपीठ से जुड़े मानसरोवर मंदिर पर देवाधिदेव महादेव व अन्य देव विग्रहों की पूजा-अर्चना व अभिषेक करेंगे। इसके बाद शोभायात्रा मानसरोवर रामलीला मैदान पहुंचेगी,यहां चल रही रामलीला में प्रभु श्रीराम का राजतिलक करेंगे। साथ ही प्रभु श्रीराम, माता जानकी, लक्ष्मण व हनुमानजी का पूजन कर आरती करेंगे।

गोरखपुर। गोरक्षपीठाधीश्वर व सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को शारदीय नवरात्र की महानवमी तिथि पर गोरक्षपीठ की परंपरा के अनुरूप कन्या पूजन किया। गोरखनाथ मंदिर में आयोजित कन्या पूजन कार्यक्रम में गोरक्षपीठाधीश्वर ने नौ दुर्गा स्वरूपा कुंवारी कन्याओं के पांव पखारे। उनका विधि-विधान से पूजन किया। चुनरी ओढ़ाकर आरती उतारी और श्रद्धापूर्वक अपने हाथों से भोजन कराया। इसके साथ ही दक्षिणा और उपहार देकर उनका आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने परंपरा का निर्वहन करते हुए बटुक पूजन भी किया,बुधवार को गोरक्षपीठाधीश्वर ने मंदिर के अन्न क्षेत्र के प्रथम तल स्थित भोजन कक्ष में पीतल के परात में जल से नौ नन्ही कन्याओं के बारी-बारी पांव धोए। दुर्गा सप्तशती के मंत्रोच्चार के बीच उनके माथे पर रोली, चंदन, दही और अक्षत आदि का तिलक लगाया। पुष्म और दुर्वा से उनका अभिषेक किया। माला पहनाकर, चुनरी ओढ़ाकर, उपहार एवं दक्षिणा प्रदान कर आशीर्वाद लिया।

इस दौरान उन्होंने छह माह की एक बच्ची के भी पांव पखारे और पूजन कर आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने हनुमानजी के वेश में आए एक बालक को भी तिलक लगाया और माला पहनाकर अंगवस्त्र ओढ़ाया। पूजन के बाद कन्याओं और बटुकों को मंदिर की रसोई में पकाया गया ताजा भोजन प्रसाद सीएम योगी ने अपने हाथों से परोसा। नौ कन्याओं के अतिरिक्त बड़ी संख्या में पहुंची बालिकाओं और बटुकों का भी मुख्यमंत्री ने पूजन कर आरती उतारी। सभी को श्रद्धापूर्वक भोजन कराकर उपहार व दक्षिणा दिया गया।

गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सनातन आस्था में नारी शक्ति को अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। सनातन आस्था की नैतिक जिम्मेदारी के भाव से सरकार नारी शक्ति की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए समर्पित है। सीएम योगी बुधवार को गोरखनाथ मंदिर में शारदीय नवरात्र को महानवमी तिथि में कन्या पूजन के बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए शारदीय नवरात्र की पहली तिथि, 22 सितंबर से मिशन शक्ति के पांचवें चरण का शुभारंभ किया गया है। इसमें महिलाओं की सुरक्षा के साथ ही उनके स्वावलंबन जागरूकता के लिए पंचायत स्तर तक कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसके तहत प्रदेश के सभी जिलों में सराहनीय कार्य हो रहे हैं। सीएम से प्यार-दुलार पाने पर नन्हीं बालिकाओं व बटुकों की आतुरता देखते ही बन रही थी। सत्कार और स्नेह के भाव से गोरक्षपीठाधीश्वर ने एक-एक कर नौ कन्याओं व बटुक भैरव के पांव पखारे और पूजन किया। इस दौरान सीएम योगी के हाथों दक्षिणा मिलने से कन्याएं काफी प्रफुल्लित दिखीं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *