15.47 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा,एक आरोपी गिरफ्तार
सिद्धार्थनगर। जिले की खेसरहा थाना पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 15.47 करोड़ की साइबर ठगी से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया है,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि एनसीआरपी/समन्वय पोर्टल पर विभिन्न राज्यों से दर्ज 09 शिकायतों की जांच के आधार पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि बांसी क्षेत्राधिकारी शुबेंदु सिंह के मार्गदर्शन तथा थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्रा के नेतृत्व में खेसरहा पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक आईफोन, एक वीवो कंपनी का मोबाइल, एक लैपटॉप तथा साइबर ठगी से संबंधित 20,000 नकद बरामद किए गए हैं।
एस0एस0पी0 डॉ. अभिषेक महाजन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। इस कार्रवाई को सिद्धार्थनगर पुलिस की साइबर अपराध के विरुद्ध एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। प्रेस वार्ता के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद, क्षेत्राधिकारी शुबेंदु सिंह तथा खेसरहा थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्रा भी उपस्थित रहे।

