₹16 करोड़ 24 लाख 70 हजार की लागत से होगा उसका–अजगरा–धर्मसिंहवा मार्ग का चौड़ीकरण-विधायक श्यामधनी राही
सिद्धार्थनगर। कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र की जनता के लिए प्रदेश सरकार ने बड़ी सौगात दी है।लोक निर्माण विभाग द्वारा बहुप्रतीक्षित उसका–अजगरा –धर्मसिंहवा मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य के लिए ₹16 करोड़ 24 लाख 70 हजार की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस महत्वपूर्ण परियोजना से क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। विधायक ने बताया कि इस सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण से न केवल ग्रामीण एवं कस्बाई इलाकों का आपसी संपर्क बेहतर होगा, बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी आसान होगी। साथ ही यह मार्ग क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई दिशा देने में सहायक सिद्ध होगा।
इस अवसर पर सदर विधायक श्यामधनी राही ने जानकारी देते हुए बताया कि यह स्वीकृति कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनकल्याण एवं बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है और सड़क निर्माण जैसी योजनाएं ग्रामीण विकास की रीढ़ हैं।
विधायक श्यामधनी राही ने इस जनहितकारी निर्णय के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति कपिलवस्तु विधानसभा की जनता की तरफ से हार्दिक आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त की है। विधायक ने विश्वास जताया कि यह परियोजना शीघ्र पूर्ण होकर आमजन को बेहतर यातायात सुविधा प्रदान करेगी और क्षेत्र के विकास को गति देगी।

