Sun. Mar 30th, 2025

राज्यपाल उ0प्र0 आनंदीबेन पटेल,विभिन्न कार्यक्रमों में हुईं शामिल,जेल में बंद कैदियों से भी पूँछी कुशलक्षेम

राज्यपाल उ0प्र0 आनंदीबेन पटेल,विभिन्न कार्यक्रमों में हुईं शामिल,जेल में बंद कैदियों से भी पूँछी कुशलक्षेम

blank blank blank

महराजगंज से विश्वामित्र मिश्रा की रिपोर्ट…

महराजगंज – राज्यपाल आनंदीबेन पटेल महोदया का जनपद में आगमन पूर्वाह्न 10:10 पर हेलीकॉप्टर द्वारा पुलिस लाइन महराजगंज में हुआ, जहाँ उनका स्वागत केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी,विधायक सदर जयमंगल कन्नौजिया, मंडलायुक्त रवि कुमार एन.जी., डी.आई.जी. जे. रविन्द्र गौड़, जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार, पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुप्ता द्वारा किया गया। पुलिस लाइन में राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जिसके बाद जिला जेल का निरीक्षण करने पहुँची।

जिला जेल में बंदियों के लिए कंप्यूटर ट्रेंनिग हेतु नवनिर्मित कंप्यूटर लैब का उद्घाटन किया। वहां उन्होंने प्रशिक्षु बंदियों से बात की और उनकी सीखने की जिज्ञासा की तारीफ की। राज्यपाल महोदय ने कहा कि यहां से सीखकर आप बाहर समाज मे कुछ सकारात्मक करिए, ताकि ऐसी स्थिति दुबारा न आये। उन्होंने जेल प्रशासन को भी बधाई दी। इसके बाद वे महिला बैरक में गयीं। महिला बैरक में राज्यपाल महोदया के द्वारा सेनेटरी वेंडिंग मशीन व इनसिनेरेटर का फीता काटकर उद्घाटन किया गया। इसके बाद दो महिला कैदियों द्वारा राज्यपाल को पुष्प देकर उनका स्वागत किया गया। बैरक में मा. राज्यपाल ने महिला बंदियों के बच्चों को स्कूल बैग व किताबों के साथ गिफ्ट पैक वितरित किया। उन्होंने सभी 76 महिला बंदियों में कंबल का भी वितरण किया।
इसके बाद उन्होंने महिला बंदियों को संबोधित करते हुए बैरक में महिला बंदियों की आवश्यकताओं को दृष्टिगत रखते हुए सेनेटरी वेंडिंग मशीन जैसी सुविधाओं की उपलब्धता पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आप लोग यहाँ पूर्व में की गई गलतियों के कारण हैं। मेरा आपसे अनुरोध है दुबारा आप गलतियां न करें। यहां अनेक छोटे-छोटे बच्चे हैं, जो बिना किसी गलती के बंद हैं। ऐसा इसलिए है कि पूर्व में उनकी माताओं से किसी कारण कुछ अपराध हुए हैं। इन बच्चों की शिक्षा के लिए सरकार द्वारा अनेक प्रयास किये जा रहे हैं, किंतु उनकी माताओं को बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देना होगा। यहाँ चलाये जा रहे विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों से कुछ सीखकर जाइये और समाज मे समायोजित होने का प्रयास कीजिये। यहाँ से बदले की भावना लेकर मत जाइए, क्योंकि व्यक्ति बदले की भवना में गलतियां करता है और एक छोटी सी गलती से परिवार बिखर जाता है। काम वही करिए, जो घर व समाज के हित में हो। उन्होंने जेल में बेहतर वातावरण और सुविधाओं के लिए जेल प्रशासन की भी प्रशंसा की। उन्होंने सबको दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी लोग स्वस्थ्य रहें और शांति से रहें। उन्होनें महिला बंदियों के बच्चों के बेहतर भविष्य की भी कामना की। अंत मे जेल अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव द्वारा मा. राज्यपाल को रुद्राक्ष का पौधा भेंट किया गया। जेल में ही महिला आयोग की सदस्या श्रीमती अर्चना द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर राज्यपाल महोदया का अभिनंदन किया गया।विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करती हुई राज्यपाल महोदया अति प्रसन्न हुई।

Related Post