सिद्धार्थनगर 30 जुलाई 2022
डॉ संजय निषाद कैबिनेट मंत्री,मत्स्य विभाग ने प्रेसवार्ता के माध्यम से प्रदेश सरकार के 100 दिन के विकास कार्यो के बारे में दी जानकारी…
सिद्धार्थनगर। कैबिनेट मंत्री, मत्स्य विभाग उ0प्र0 सरकार डॉ0 संजय निषाद द्वारा अम्बेडकर सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता कार्यक्रम में मीडिया प्रतिनिधियों को बताया कि उ0प्र0 में जब से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है हर क्षेत्र में प्रदेश का विकास हो रहा है। उत्तर प्रदेश के 100 दिन पूरे होने पर बताया कि प्रदेश में मत्स्य विकास की अपार संभावनायें है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना में गरीब मछुआ समुदाय के व्यक्तियों जिनकी आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति सुदृढ़ नहीं है या वह भूमिहीन है तो भूमिहीन व्यक्तियों को कोल्ड चेन की परियोजनाओं यथा साइकिल विथ आइस बाक्स, मोटर साइकिल विथ आइस बाक्स, थ्री व्हिलर विथ आइस बाक्स की सुविधा दी जा रही है। मत्स्य मंत्री ने बैंकयार्ड आर0ए0एस0 की जानकारी देते हुए मत्स्य गतिविधियों से जुड़ने हेतु मछुआ समाज के लोगों से अपील भी की।
उन्होंने बडे़ मत्स्य पालक/मत्स्य व्यवसायियों से यह भी अनुरोध किया कि अपने आस पास के गरीब व निर्बल व्यक्तियों को मत्स्य पालन से लाभ हेतु प्रेरित करें ताकि उनके मत्स्य पालन तालाब/यूनिट से दिन प्रतिदिन मछलियों का विक्रय कर अपनी आर्थिक स्थिति सुधार सकें तथा उत्पादन स्थल पर उत्पादक को भी अधिक से अधिक आय प्राप्त हो सके। मत्स्य मंत्री ने कहा कि जिनके पास कम जमीन है वह भी मछली पालन कर अच्छी आय प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर सांसद डुमरियागंज जगदम्बिका पाल, विधायक शोहरतगढ़ विनय वर्मा, सहायक निदेशक मत्स्य, पुष्पा तिवारी, मीडिया प्रतिनिधिगण व निषाद समुदाय के लोग उपस्थित थे।