सिद्धार्थनगर: 09 अप्रैल 2026
डीएम ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजनांतर्गत केक काटकर कन्या जन्मोत्सव मनाया
सिद्धार्थनगर: बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजनांतर्गत अस्पताल में कन्या महोत्सव जिलाधिकारी शिव शरणप्पा जीएन द्वारा केक काटकर मेडिकल कालेज के एमसीएच विंग में नवजात बालिकाओं के जन्म को उत्सव के रूप में मनाते हुए जिलाधिकारी द्वारा केक काटकर कन्या जन्मोत्सव मनाया गया। नवजात बालिकाओं की माताओं को बधाई दी गई तथा उन्हें पुष्पगुच्छ, बेबी किट एवं अन्य उपहार भेंट किए गए।जिलाधिकारी ने स्वयं केक काटकर इस पहल को एक प्रेरणादायक स्वरूप दिया और उपस्थित लोगों को बेटियों के महत्व के प्रति जागरूक किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि बेटियां समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके जन्म को उत्सव के रूप में मनाना हम सभी का कर्तव्य है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना का उद्देश्य केवल लिंगानुपात में सुधार करना ही नहीं, बल्कि बालिकाओं को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान दिलाना भी है। इस तरह के आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने नवजात शिशुओं की देखभाल, स्तनपान के महत्व, टीकाकरण एवं पोषण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां माताओं को प्रदान की। साथ ही, बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी। कन्या महोत्सव के इस आयोजन से समाज में अब बेटियों के जन्म को गर्व और खुशी के साथ स्वीकार किया जा रहा है। यह पहल निश्चित रूप से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सहायक सिद्ध होगी।
इस अवसर पर प्राचार्य माधव प्रसाद त्रिपाठी, मेडिकल कालेज डा0 राजेश मोहन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 रजत कुमार चौरसिया, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा0 ए0के0झा, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार सिंह, एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

