Tue. Apr 28th, 2026

1 से 6 मई तक भारत-श्रीलंका के दिव्यांग क्रिकेटरों के बीच होंगी रेडिएंट ट्राफी की जंग

1 से 6 मई तक भारत-श्रीलंका के दिव्यांग क्रिकेटरों के बीच होंगी रेडिएंट ट्राफी की जंग

श्रीलंका में 1 मई से रेडिएंट अंतरराष्ट्रीय पैरा क्रिकेट सीरीज का रोमांच

लखनऊ से खुर्शीद आलम की रिपोर्ट…

नई दिल्ली। दिव्यांग क्रिकेटरों के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक और ऐतिहासिक सीरीज होने जा रही है। डिसेबिलिटी क्रिकेट श्रीलंका के तत्वावधान में 1 से 6 मई 2026 तक श्रीलंका के होराना स्थित आरोंस स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर रेडिएंट अंतरराष्ट्रीय पैरा क्रिकेट सीरीज खेली जाएगी। इस प्रतिष्ठित सीरीज में भारत और श्रीलंका के शारीरिक रूप से दिव्यांग क्रिकेटरों के बीच रेडिएंट ट्रॉफी के लिए मुकाबले होंगे। 1 से 3 मई तक तीन अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच और 4 से 6 मई तक एक ऐतिहासिक टेस्ट मैच आयोजित होगा।

दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया के महासचिव हारून रशीद ने बताया कि भारतीय टीम पूरी तैयारी के साथ श्रीलंका रवाना हो रही है। यह सीरीज खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिखाने का सुनहरा मौका है। भारतीय टीम की कमान जम्मू-कश्मीर के ऑलराउंडर सैयद शाह अजीज संभालेंगे। गुजरात के चिराग गांधी उपकप्तान होंगे। सैयद शाह अजीज दिव्यांग टेस्ट क्रिकेट में शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज हैं। टीम में विकेटकीपर राहुल शर्मा के साथ सचिन शिवा, कपिल कुमार, कैलाश प्रसाद, याहया पटेल, मुनाफ, नितिन वाबले, मोहम्मद आकिब मलिक, राजेश जड्डू, राजेश कुमार, वसराम, रिजवान और साजिद तंबोली शामिल हैं। भारतीय खिलाड़ी 30 अप्रैल को चेन्नई पहुंचेंगे और वहां से हवाई मार्ग से कोलंबो रवाना होंगे। इस आयोजन को रेडिएंट स्पोर्ट्स मैनेजमेंट का विशेष सहयोग मिला है। यह सीरीज सिर्फ खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि दिव्यांग खिलाड़ियों के साहस, संकल्प और सामर्थ्य का उत्सव है, जो साबित करेगी कि प्रतिभा किसी शारीरिक सीमा की मोहताज नहीं होती।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *