लापता युवती को थाना जोगिया उदयपुर पुलिस ने 3 घंटे में सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंपा
जोगिया,सिद्धार्थनगर। जनपद में महिला सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष अभय सिंह के नेतृत्व में जोगिया उदयपुर थाने की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक लापता युवती को महज तीन घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। इस सराहनीय कार्यवाही से पुलिस की सक्रियता और संवेदनशीलता एक बार फिर सामने आई है। पुलिस क्षेत्राधिकारी बांसी शुबेंदु सिंह के कुशल पर्यवेक्षण में, थानाध्यक्ष जोगिया उदयपुर अभय सिंह के नेतृत्व में मिशन शक्ति टीम एवं बीट पुलिस क्षेत्र में भ्रमणशील थी। इसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम गोनहा निवासी 19 वर्षीय युवती नन्दनी सुबह घर से बिना बताए कहीं चली गई है, जिससे परिजन चिंतित थे।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अभय सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए संभावित स्थानों पर सघन तलाश शुरू की। अथक प्रयासों के बाद युवती को तनजवा बंधे के पास से सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद नियमानुसार युवती का चिकित्सीय परीक्षण सीएचसी जोगिया उदयपुर में कराया गया और सभी आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी करते हुए उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस की इस त्वरित और संवेदनशील कार्यवाही से परिजनों ने राहत की सांस ली, वहीं स्थानीय लोगों ने भी जोगिया पुलिस, विशेषकर थानाध्यक्ष अभय सिंह की जमकर सराहना की। जनपद में महिला सुरक्षा एवं जागरूकता को लेकर चलाए जा रहे अभियानों के तहत जोगिया पुलिस की यह कार्रवाई एक सकारात्मक उदाहरण के रूप में देखी जा रही है।

