Fri. May 15th, 2026

अवैध मिट्टी खनन के दौरान खाई में गिरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, बाल-बाल बचा ट्रैक्टर चालक

अवैध मिट्टी खनन के दौरान खाई में गिरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, बाल-बाल बचा ट्रैक्टर चालक

डुमरियागंज, सिद्धार्थनगर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन का कारोबार लगातार तेज होता जा रहा है। क्षेत्र के असाढ़ी तालाब में रात भर अवैध रूप से मिट्टी खनन किए जाने की सूचना सामने आई है। इसी दौरान खनन कार्य में लगी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली हादसे का शिकार हो गई। चालक को झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरा। गनीमत रही कि इस हादसे में चालक की जान बच गई और कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसा देर रात उस समय हुआ जब ट्रैक्टर-ट्रॉली मिट्टी लेकर जा रही थी। बताया जा रहा है कि चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। देखते ही देखते ट्रैक्टर-ट्रॉली खाई में पलट गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत पहुंचकर चालक को बाहर निकाला। चालक को मामूली चोटें आई हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि अशाढ़ी तालाब में लंबे समय से अवैध मिट्टी खनन का खेल जारी है। रात के अंधेरे में जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के जरिए बड़े पैमाने पर मिट्टी निकाली जा रही है। भारी वाहनों की आवाजाही से ग्रामीण सड़कों की हालत भी खराब होती जा रही है। इसके अलावा लगातार हो रहे खनन से पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा है। सूत्रों द्वारा बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल ट्रैक्टर चालक सोहना गांव का निवासी है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि अवैध खनन माफिया बिना किसी डर के खुलेआम इस कार्य को अंजाम दे रहे हैं, जबकि जिम्मेदार विभाग इस ओर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *