“जल अर्पण 2026” कार्यक्रम के तहत “हर घर स्वच्छ पेयजल” उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता : जगदंबिका पाल
सांसद पाल ने ग्रामवासियों से की अपील! जल का सदुपयोग करें तथा जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाएं
सिद्धार्थनगर। जल जीवन मिशन के अंतर्गत आयोजित “जल अर्पण 2026” कार्यक्रम के तहत विकासखंड उसका बाजार की ग्राम पंचायत विनैका में “जल अर्पण दिवस” समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं जल संरक्षण के संकल्प के साथ किया गया।
इस अवसर पर सांसद पाल ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा संचालित “हर घर जल” योजना ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि जल ही जीवन का आधार है और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के गांवों तक पाइपलाइन के माध्यम से शुद्ध पेयजल पहुंचाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण जनता को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने ग्रामवासियों से अपील की कि जल का सदुपयोग करें तथा जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाएं।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष दीपक मौर्य जी, फतेह बहादुर सिंह, लालजी त्रिपाठी “लाल बाबा”, मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह, अधिशासी अभियंता संजय जायसवाल, अवधेश कुमार, उमेश चौधरी, विपिन सिंह, समर बहादुर, राजेश मिश्रा, पंकज कुमार कनौजिया, अभय प्रताप सिंह, श्रेयांश सिंह, संदीप वर्मा, शिवम पांडे,अनुराग वर्मा, सर्वेश दुबे, जसवंत कुमार, राजकुमार, पंकज जायसवाल, आशुतोष सिंह एवं प्रदीप चौरसिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, ग्राम प्रधान, क्षेत्रीय कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान संबंधित अधिकारियों द्वारा जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा ग्राम पंचायत में कराए जा रहे विकास कार्यों पर भी चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने जल संरक्षण एवं स्वच्छ पेयजल के महत्व को समझते हुए इसे जन आंदोलन बनाने का संकल्प लिया।

