सड़क व पुल-पुलिया निर्माण से जुड़ी संशोधित कार्ययोजना की समीक्षा कर प्रस्तावों को मंजूरी देंगे मुख्यमंत्री योगी
लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को प्रदेश में विधायकों की प्राथमिकता वाली सड़कों, पुलों और पुलियों के निर्माण से जुड़ी संशोधित कार्ययोजना की समीक्षा करेंगे। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मुख्यमंत्री के समक्ष सभी जिलों की संशोधित कार्ययोजना प्रस्तुत करेगा। मंजूरी मिलने के बाद बुधवार से इन कार्यों की प्रशासनिक स्वीकृतियां जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी, ताकि निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सके। इस वित्तीय वर्ष में विधायकों के प्रस्तावों के आधार पर करीब 30 हजार करोड़ रुपये की लागत से सड़क, पुल और पुलिया निर्माण के कार्य कराए जाने हैं। हाल ही में मुख्यमंत्री ने सभी मंडलों में जनप्रतिनिधियों और विधायकों के साथ समीक्षा बैठकें की थीं। इन बैठकों में विधायकों से पहले से प्रस्तावित विकास कार्यों में उनकी प्राथमिकताएं तय कराई गई थीं।
मुख्यमंत्री ने संशोधित कार्य-योजना तत्काल मांगी थी। प्रदेश के समस्त जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए थे कि वे सोमवार तक संशोधित प्रस्ताव सीधे प्रमुख सचिव लोक निर्माण अजय चौहान को भेज दें। विभागाध्यक्ष ए0के0 द्विवेदी ने बताया कि अधिकांश जिलों से संशोधित कार्ययोजनाएं प्राप्त हो चुकी हैं और शेष जिलों की योजनाएं भी मंगलवार तक मिल जाएंगी।उन्होंने बताया कि सभी प्रस्तावों का मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुतीकरण किया जाएगा। अनुमोदन मिलते ही बुधवार से प्राथमिकता वाले कार्यों की स्वीकृतियां जारी कर दी जाएंगी, जिससे निर्माण कार्य बिना देरी शुरू हो सकें।

