कृषि विभाग व थाना मोहाना थाना पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई में 12 बोरी खाद के साथ तस्कर गिरफ्तार!
रसीद, पीओएस पर्ची और ई-वे बिल नहीं दिखा सका ई रिक्शा चालक!प्राथमिक जांच में उर्वरक के अवैध परिसंचरण की आशंका मिलने पर संयुक्त टीम ने आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत दर्ज कराई प्राथमिकी
सिद्धार्थनगर। कृषि विभाग और पुलिस की टीम ने शनिवार दोपहर मोहाना पुल पर एक ई-रिक्शा से 12 बोरी खाद बरामद की। चालक सुकई (23) उर्वरक के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद यूरिया और ई-रिक्शा को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
जिला कृषि अधिकारी रवि शंकर पांडेय के अनुसार शनिवार दोपहर करीब एक बजे सहायक विकास अधिकारी,कृषि बर्डपुर,अपर जिला कृषि अधिकारी और मोहाना थाना पुलिस की संयुक्त टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान कूड़ा नदी स्थित मोहाना पुल पर एक ई-रिक्शा को रोककर जांच की गई,जांच में ई-रिक्शा पर कृभको का 12 बोरी भारतीय अनुदानित यूरिया लदा मिला। वाहन चला रहे सुकई, निवासी पतिला, पोस्ट ककरहवा, थाना मोहाना से उर्वरक के संबंध में प्राप्ति रसीद, पीओएस मशीन की पर्ची, ई-वे बिल या बिल्टी मांगी गई लेकिन वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
प्राथमिक जांच में उर्वरक के अवैध परिसंचरण की आशंका मिलने पर संयुक्त टीम ने मौके पर ही 12 बोरी यूरिया, ई-रिक्शा और चालक को मोहाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। जिला कृषि अधिकारी की ओर से चालक के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस जांच कर रही है कि यूरिया कहां से लाई गई थी और इसे किसे पहुंचाया जाना था।

