कपिलवस्तु में 3.25 करोड़ से कल्याण मंडपम बनकर तैयार
रामजानकी नगर में कल्याण मंडपम बनकर तैयार, विवाह और सामाजिक आयोजनों में मिलेगी सुविधा
बर्डपुर,सिद्धार्थनगर। नगर पंचायत कपिलवस्तु के रामजानकीनगर में 3.25 करोड़ रुपये की लागत से कल्याण मंडपम ‘मंगलम’ का निर्माण कराया गया है। यहां लोग विवाह समारोह के साथ पारिवारिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर सकेंगे। आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस भवन से स्थानीय लोगों को आयोजनों के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध होगा।कल्याण मंडपम में विशाल सभागार, पार्किंग, शौचालय, पक्के फर्श वाला आंगन और बिजली व प्रकाश की व्यवस्था की गई है। इन सुविधाओं से आयोजकों को कार्यक्रम संपन्न कराने में सहूलियत मिलेगी।
नगर पंचायत प्रशासन के अनुसार, कल्याण मंडपम के उपयोग के लिए किफायती शुल्क निर्धारित किया गया है, जिससे विभिन्न वर्गों के लोग इसका लाभ उठा सकें।स्थानीय स्तर पर आयोजन स्थल उपलब्ध होने से लोगों को विवाह और अन्य बड़े कार्यक्रमों के लिए दूसरे स्थानों पर निर्भरता कम होगी। इससे नगर पंचायत को आय मिलने की भी उम्मीद है।नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी नवीन सिंह ने बताया कि कल्याण मंडपम को स्वच्छ और सुव्यवस्थित वातावरण के साथ विकसित किया गया है। इससे क्षेत्र के लोगों को पारिवारिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने में सुविधा मिलेगी।

