Thu. Oct 15th, 2026

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में 412 जोड़ों का धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह हुआ संपन्न, गूंजे मंगलगीत

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में 412 जोड़ों का धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह हुआ संपन्न,गूंजे मंगलगीत

वर-वधू के परिजनों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके सुखमय दांपत्य जीवन की शुभकामना दी

सिद्धार्थनगर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत बुधवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के बगल स्थित खाली परिसर में भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के 412 जोड़ों का विवाह उनके अपने धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया। समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और वर-वधू के परिजनों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद डुमरियागंज जगदम्बिका पाल, विधायक बांसी जय प्रताप सिंह, विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी राही, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या, पूर्व विधायक इटवा डा. सतीश द्विवेदी,जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन, पुलिस अधीक्षक डा. अभिषेक महाजन तथा मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जिलाधिकारी द्वारा अतिथियों का बुके देकर स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित समारोह में 303 हिंदू, 64 बौद्ध और 45 मुस्लिम जोड़ों का विवाह हुआ। हिंदू जोड़ों का विवाह पंडितों द्वारा वैदिक रीति-रिवाज से, मुस्लिम जोड़ों का निकाह मौलाना द्वारा तथा बौद्ध जोड़ों का विवाह उनके धार्मिक रीति-रिवाज के अनुसार कराया गया।

कार्यक्रम को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए विभिन्न पंक्तियों और व्यवस्थाओं के लिए प्रभारी अधिकारी भी नियुक्त किए गए थे। समारोह को संबोधित करते हुए सांसद डुमरियागंज जगदम्बिका पाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशन और जिला प्रशासन के कुशल नेतृत्व में सामूहिक विवाह कार्यक्रम भव्य रूप से आयोजित किया जा रहा है। गरीब परिवारों की बेटियों की शादी को लेकर रहने वाली आर्थिक चिंता को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने नवदंपतियों को नई जिंदगी की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी जोड़े सुखमय वैवाहिक जीवन व्यतीत करें। उन्होंने बताया कि नवविवाहित जोड़ों को जिला प्रशासन के माध्यम से नौकरी और प्लेसमेंट दिलाने के लिए भी प्रयास किया जा रहा है।

विधायक बांसी जय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश में वर्ष 2018 में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की शुरुआत की गई थी। योजना के तहत पात्र वर-वधुओं को गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध कराने के साथ वधू के खाते में डीबीटी के माध्यम से धनराशि भेजी जाती है।

विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी राही ने कहा कि गरीब परिवारों की बेटियों की शादी की चिंता को देखते हुए सरकार द्वारा सामूहिक विवाह कराया जा रहा है। सरकार गरीब और जरूरतमंद परिवारों को आवास, निःशुल्क खाद्यान्न, गैस सिलेंडर सहित विभिन्न योजनाओं का लाभदे रही है।

पूर्व विधायक इटवा डा. सतीश द्विवेदी ने कहा कि गरीब बेटियों की शादी की चिंता को दूर करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना शुरू की गई है और बिना भेदभाव पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।

भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या ने सामूहिक विवाह को गरीब परिवारों की बेटियों के लिए सराहनीय पहल बताते हुए सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।

जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक वधू के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से 64 हजार रुपये की धनराशि दी जा रही है। इसके अलावा करीब 21 हजार रुपये की सामग्री उपलब्ध कराई गई तथा बारात के स्वागत पर 15 हजार रुपये व्यय किए गए है। नवविवाहित जोड़ों को योजना के तहत साड़ी ब्लाउज, पेटीकोट, कढ़ाईयुक्त चुनरी, पैट-शर्ट का कपड़ा, गमछा, डिनर सेट, पांच लीटर का प्रेशर कुकर, ट्रॉली बैग, दीवार घड़ी कड़ाही, वैनिटी किट, सीलिंग फैन, 10 लीटर कूल केज, प्रेस, डबल बेड चादर, तकिया कवर, कंबल, गद्दा, तकिया, सिंहोरा, चूड़ी और कंगन सहित विभिन्न सामग्री दी गई। इसके साथ ही लड्डू, बादाम, अखरोट, मखाना, किशमिश और सूखा नारियल भी प्रदान किया गया।

समारोह के दौरान सांसद जगदम्बिका पाल, विधायक जय प्रताप सिंह, विधायक श्यामधनी राही, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या, पूर्व विधायक डा. सतीश द्विवेदी, जिलाधि कारी शिवशरणप्पा जीएन, पुलिस अधीक्षक डा. अभिषेक महाजन और मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने नवविवाहित वर-वधुओं को आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गौरव श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, जिला समाज कल्याण अधि कारी महिपाल सिंह, संबंधित खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *