द्वितीय चरण के जनसंख्यागणना एवं स्वगणना के प्रचार-प्रसार हेतु आयोजित हुई जनपद स्तरीय जागरूकता बैठक
बैठक में 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक जनसंख्या गणना के दौरान पूछे जाने वाले 40 प्रश्नों के संबंध में विस्तारपूर्वक दी गई जानकारी
सिद्धार्थनगर। मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी बलराम सिंह व अपर जिलाधिकारी (वि/रा) संदीप कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में शनिवार को जनगणना के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना के प्रचार-प्रसार एवं दिनांक 16 नवम्बर से 30 नवम्बर तक आयोजित होने वाली स्वगणना के संबंध में जनपद स्तरीय अधिकारियों, समस्त तहसीलदार, समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका व नगर पंचायत, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना निदेशालय से नामित मंडल प्रभारी संजय, जनपद प्रभारी नागेन्द्र यादव एवं जनगणना के मास्टर ट्रेनर द्वारा पीपीटी के माध्यम से दिनांक 16 नवंबर 2026 से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना की प्रक्रिया तथा दिनांक 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक जनसंख्या गणना के दौरान पूछे जाने वाले 40 प्रश्नों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अपने-अपने विभागों के अधीनस्थ समस्त कार्मिकों की स्वगणना शत-प्रतिशत सुनिश्चित कराएं। इसके लिए सभी अधिकारी अपने कार्मिकों का डाटा तीन दिवस के भीतर तैयार कर जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराएं। बैठक में सभी अधिकारियों को जनपद अनुदेश पुस्तिका वितरित की गई तथा निर्देशित किया गया कि जनगणना से संबंधित सभी अनुदेशों का भली-भांति अध्ययन करें और अपने अधीनस्थ कार्मिकों की शत-प्रतिशत स्वगणना कराने के साथ ही जनगणना कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त दिनांक 02 नवंबर को अपराह्न 12 बजे स्वगणना के संबंध में समस्त संस्थागत आवासीय विद्यालय, अधीक्षक जिला कारागार, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज, कुलपति सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, मीडिया साथियों एवं अन्य अधिकारियों की बैठक भी आयोजित की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों से जनगणना के इस महत्वपूर्ण कार्य को प्राथमिकता देते हुए शत-प्रतिशत सहभागिता एवं व्यापक जनजागरूकता सुनिश्चित करने की अपील किया है,इस अवसर पर उपरोक्त के अतिरिक्त अपर जिलाधिकारी (वि/रा) संदीप कुमार श्रीवास्तव,समस्त उपजिलाधिकारी, समस्त ई ओ, जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार, जनगणना सहायक गया प्रसाद मिश्र व जनगणना सेल से बृजेश यादव एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

