बांसी कोतवाली में आगामी त्यौहार के दृष्टिगत पीस कमेटी के सदस्यों के साथ हुई बैठक! त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील
त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था में बाधा डालने या नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार नियमों का पालन करने के निर्देश
बांसी,सिद्धार्थनगर। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में सुरक्षित संपन्न कराने के उद्देश्य से कोतवाली बांसी परिसर में प्रभारी निरीक्षक महेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व एवं तहसीलदार बृजेश कुमार की उपस्थिति में बैठक आयोजित की गई। इसमें श्री लक्ष्मी-गणेश पूजा के आयोजकों, डीजे संचालकों तथा पीस कमेटी के सदस्यों ने भाग लिया।बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी निरीक्षक महेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि सभी पूजा आयोजक निर्धारित नियमों का पालन करते हुए कार्यक्रम संपन्न कराएं। जुलूस एवं पूजा स्थलों पर शांति व्यवस्था बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने डीजे संचालकों को निर्धारित ध्वनि सीमा और समय का पालन करने तथा आपत्तिजनक गाने नहीं बजाने की हिदायत दी।वहीं तहसीलदार बृजेश कुमार ने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का संदेश देते हैं। सभी लोग एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने आयोजकों से पूजा कार्यक्रमों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा किसी भी समस्या पर प्रशासन को अवगत कराने की अपील की। बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था में बाधा डालने या नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बैठक में उपस्थित पीस कमेटी के सदस्यों एवं आयोजकों ने प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

