पंचायत और विधानसभा की मतदाता सूची का होगा मिलान, छूटे पात्र मतदाताओं के भरवाए जाएंगे फार्म-6
एसडीएम ने सुपरवाइजरों और बीएलओ को दिए निर्देश,1जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले भी बन सकेंगे मतदाता
डुमरियागंज सिद्धार्थनगर। तहसील सभागार में गुरुवार को उपजिलाधिकारी विवेकानंद मिश्र की अध्यक्षता में विधानसभा क्षेत्र के सभी सुपरवाइजरों और कुछ बीएलओ की बैठक आयोजित की गई।बैठक में विधानसभा की मतदाता सूची का पंचायत चुनाव वाली मतदाता सूची से मिलान कराने के निर्देश दिए गए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रह जाए। एसडीएम विवेकानंद मिश्र ने बताया कि मिलान प्रक्रिया के दौरान ऐसे लोगों को चिह्नित किया जाएगा, जिनका नाम पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में दर्ज है, लेकिन विधानसभा की मतदाता सूची में शामिल नहीं है। ऐसे पात्र लोगों से फार्म-6 भरवाकर उनका नाम विधानसभा की मतदाता सूची में शामिल कराने की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिन युवाओं की उम्र एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूरी हो रही है, वे भी मतदाता बनने के पात्र होंगे। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के लोगों से अपील की कि निर्धारित तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी पात्र युवा फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं। उन्होंने बताया कि प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे। इस दौरान रमेशचंद्र श्रीवास्तव, सत्येंद्र मिश्रा, देवेश तिवारी, विपिन कुमार, माताप्रसाद भारती, अनिल मिश्रा, संजय तिवारी आदि मौजूद रहे।

