Sun. Nov 22nd, 2026

बढ़नी में सीएचसी शिलान्यास कार्यक्रम में हंगामा, सांसद और विधायक के समर्थकों बीच मारपीट से मची अफरा-तफरी

बढ़नी में सीएचसी शिलान्यास कार्यक्रम में हंगामा, सांसद और विधायक के समर्थकों बीच मारपीट से मची अफरा-तफरी

News 17 india निज संवाददाता बढ़नी, सिद्धार्थनगर।

सीएचसी बढ़नी के भूमि पूजन में नारेबाजी को लेकर सांसद व विधायक समर्थकों के बीच मंच पर हुई धक्का-मुक्की, पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को समझाकर स्थिति को संभाला

बढ़नी, सिद्धार्थनगर। विकासखंड बढ़नी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) को उच्चीकृत कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बनाए जाने को लेकर शनिवार को आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम उस समय अखाड़े में तब्दील हो गयाजब नारेबाजी को लेकर भाजपा सांसद जगदम्बिका पाल और अपना दल (एस) के विधायक विनय वर्मा के समर्थक आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मंच पर ही तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जिससे कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बाद में विधायक विनय वर्मा के संबोधन के दौरान भी एक बार फिर तनातनी की स्थिति बनी,लेकिन पुलिस की तत्परता और दोनों पक्षों के बुद्धिजीवियों के समझाने के बाद मामला शांत हुआ और भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ।शासन द्वारा स्वीकृति बढ़नी पीएचसी के उच्चीकरण हेतु 19.66 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जाने वाले 30 बेड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के निर्माण को लेकर परिसर के प्रांगण में भूमि पूजन समारोह का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम स्थल पर लगे शिलापट्ट पर मुख्यमंत्री, सांसद और विधायक सहित सभी जनप्रतिनिधियों के नाम अंकित थे। समारोह में सांसद जगदम्बिका पाल पहले ही पहुंच चुके थे, जबकि विधायक विनय वर्मा उस समय तक कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंचे थे, बताया जा रहा है कि सांसद अभी मंच पर नहीं गए थे और पंडाल में मौजूद महिलाओं तथा स्थानीय लोगों से शिष्टाचार मुलाकात कर रहे थे।

इसी बीच पंडाल में मौजूद कुछ लोगों द्वारा केवल विधायक विनय वर्मा के समर्थन में जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी गई। इस पर मौके पर मौजूद कुछ लोगों और समर्थकों ने आपत्ति जताते हुए कहा कि जब क्षेत्र के सांसद स्वयं कार्यक्रम में उपस्थित हैं, तो उनके सम्मान में भी नारेबाजी होनी चाहिए।कार्यक्रम स्थल पर एकतरफा नारेबाजी के इसी मुद्दे पर सांसद और विधायक समर्थकों के बीच पंडाल में ही कहा- सुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते यह तीखी बहस भिड़ंत में बदल गई और दोनों गुटों के कार्यकर्ता मंच पर आमने सामने आ गए, जहां दोनों पक्षों में जमकर धक्का-मुक्की हुई।

शिलान्यास कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने हेतु में मौके पर ढेबरुआ थाने के अलावा आसपास के कई थानों की पुलिस फोर्स पहले से ही तैनात थी। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए दोनों पक्षों को अलग किया। घटनाक्रम के कुछ ही देर बाद जब विधायक विनय वर्मा कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और उन्होंने मंच से माइक संभालकर बोलना शुरू किया, तो उसी बीच दोनों पक्षों में एक बार फिर तीखी नोकझोंक होने लगी। माहौल को दोबारा बिगड़ता देख मौके पर मौजूद पुलिस बल और दोनों पक्षों के वरिष्ठ एवं बुद्धिजीवी लोगों ने आगे बढ़कर कार्यकर्ताओं को समझाया-बुझाया। पुलिस की मुस्तैदी और प्रबुद्धजनों के हस्तक्षेप से बड़ा बवाल टल गया। जिले में इस घटनाक्रम के बाद स्थानीय स्तर पर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।

मामले को लेकर विधायक के करीबी माने जाने वाले प्रदीप कमलापुरी ने बयान जारी करते हुए बताया कि विवाद के दौरान उन पर हमला किया गया,जिससे उनका कपड़ा फट गया। हालांकि,जब उनसे पूछा गया कि हमला करने वाले किस पार्टी के लोग थे, तो वे पार्टी का नाम बताने से कतराते रहे और कई बार सवाल किए जाने के बाद ही उन्होंने सांसद समर्थकों के कुछ लोगों का नाम लिया। वहीं दूसरे पक्ष के समर्थकों का कहना है कि कार्यक्रम में सांसद की मौजूदगी के बावजूद एकतरफा नारेबाजी किए जाने के कारण ही विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई। उधर विवादों के बीच दोनों जनप्रतिनिधियों ने विकास कार्यों को लेकर सकारात्मक रुख दिखाया।

सांसद जगदम्बिका पाल ने प्रधानमंत्री क नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी से आदित्यनाथ के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए दावा किया कि आने वाले वर्ष 2027 में भी भाजपा की ही सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निर्माण का भूमि पूजन हुआ है और 2027 में संसद विधायक मिलकर इसका उद्घाटन भी करेंगे।

विधायक विनय वर्मा ने अपने प्रयासों से स्वीकृत हुए 19.66 करोड़ रुपये की लागत वाले इस 30 बेड के अस्पताल की सौगात के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि अभी परियोजना का भूमि पूजन हो रहा है और कार्य पूरा होने के बाद सांसद विधायक दोनों मिलकर इसका उद्घाटन करेंगे, कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) सिद्धार्थनगर ने स्पष्ट किया कि विभाग की ओर से प्रोटोकॉल के तहत दोनों जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था। उक्त घटना के बावजूद शिलान्यास कार्यक्रम सकुशल संपन्न हुआ।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *