सिद्धार्थनगर, 08 मार्च 2026
अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों के लिए कार्यक्रम संचालन हेतु एनजीओ से मांगे आवेदन
सिद्धार्थनगर। भारत सरकार की अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों के मोतियाबिंद सर्जरी, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिविर, उत्पादक वृद्धावस्था गतिविधियों के प्रति जागरूकता तथा वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण से संबंधित कार्यक्रमों के संचालन के लिए जनपद में अनुभवी स्वयंसेवी संस्था (एनजीओ) का चयन किया जाएगा।
समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में जनपद स्तरीय समिति द्वारा योग्य संस्था का चयन किया जाना है। इसके लिए वही संस्थाएं आवेदन कर सकेंगी जो सोसाइटी पंजीकरण अधिनियम के तहत पंजीकृत हों। साथ ही संबंधित अधिनियम के अंतर्गत कीनिकल एस्टैब्लिशमेंट एक्ट के तहत पंजीकृत अस्पताल के साथ एमओयू होना आवश्यक है। संस्था का राष्ट्रीयकृत बैंक में खाता संचालित होना चाहिए तथा नीति आयोग के एनजीओ दर्पण पोर्टल पर पंजीकरण भी अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त पैन कार्ड, जीएसटी, दो वर्ष की प्रगति रिपोर्ट, संबंधित क्षेत्र का अनुभव तथा पिछले तीन वर्षीं का ऑडिटेड लेखा विवरण भी प्रस्तुत करना होगा। इच्छुक संस्थाओं को 100 रुपये के स्टांप पेपर पर अपनी संस्था के लेटरहेड पर घोषणा-पत्र के साथ आवेदन एक सप्ताह के भीतर जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय, सिद्धार्थनगर में जमा करना होगा।
उन्होंने बताया कि शासनादेश के अनुसार सभी शर्तें पूरी करने वाली संस्था का चयन जनपद स्तरीय समिति द्वारा किया जाएगा। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए किसी भी कार्य दिवस में जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। उक्त जानकारी जिला समाज कल्याण अधिकारी महिपाल सिंह ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी है।

