ग्रीन एनर्जी में प्रदेश की होगी नई पहचान! सौर ऊर्जा उपकरणों का केंद्र बनेगा नोएडा
सीएम योगी ने नोएडा में 8200 करोड़ के एकीकृत सोलर उपकरण निर्माण संयंत्र का किया शिलान्यास
ग्रेटर नोएडा। सीएम योगी आदित्यनाथ ने नोएडा में 8,200 करोड़ रुपये की एकीकृत सोलर उपकरण निर्माण संयंत्र का शिलान्यास करते हुए कहा कि यूपी जल्द ही 20 हजार मेगावाट नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन का लक्ष्य हासिल कर लेगा और जेवर सौर ऊर्जा उपकरणों का प्रमुख केंद्र बनेगा। मुख्यमंत्री योगी ने कहा, इससे भारत की चीन समेत अन्य देशों पर निर्भरता कम होगी और प्रदेश ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा।सीएम योगी ने शनिवार को जेवर में सोलर उपकरण निर्माण संयंत्र का शिलान्यास करने के बाद कहा कि कभी विकास में पिछड़ेपन व असुरक्षा की पहचान रखने वाला जेवर आज जंगलराज से मंगलराज की यात्रा पूरी कर देश के सबसे बड़े निवेश केंद्रों में शामिल हो चुका है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और राज्य सरकार की निवेश-अनुकूल नीतियों से जेवर औद्योगिक विकास का नया प्रतीक बनकर उभरा है। ऊर्जा आत्मनिर्भरता अभियान में यूपी अग्रणी भूमिका निभा रहा है।सीएम योगी ने बताया, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत छह लाख से अधिक परिवारों ने सोलर पैनल से ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाया है। इससे उनके बिजली बिलों में 50-60 फीसदी तक की कमी आई है। प्रदेश में सौर ऊर्जा से 2,000 मेगावाट से अधिक बिजली उत्पादन हो रहा है। योगी ने कहा, यूपी छह हजार मेगावाट नवीकरणीय ऊर्जा का उत्पादन कर रहा है, जिसे 20 हजार मेगावाट तक बढ़ाने का लक्ष्य है।
सीएम योगी ने दक्षिण कोरिया व भारत की एक निजी कंपनी के संयुक्त इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का भी शिलान्यास किया। करीब 6,785 करोड़ के निवेश वाली इस परियोजना में प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (पीसीबी) सहित विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों का निर्माण किया जाएगा। इससे प्रदेश की इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षमता को नई मजबूती मिलेगी। सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश का सबसे बड़ा मोबाइल निर्माण केंद्र है और देश में बनने वाले लगभग 55 प्रतिशत मोबाइल फोन प्रदेश में तैयार किए जा रहे हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर क्षेत्र में तेजी से हो रहा निवेश यूपी को वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाएगा।वैष्णव बोले-सेमीकंडक्टर हब बनेगा यूपी!शिलान्यास समारोह में पहुंचे केंद्रीय रेल, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रोद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि सेमीकंडक्टर के बाद अब उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद निर्माण का भी प्रमुख केंद्र बनेगा।

