मुख्यमंत्री ग्रामीण योजनांतर्गत 11 करोड़ 10 लाख 55 हजार रुपये की लागत के छह मार्गों के नव-निर्माण कार्य की मिली स्वीकृति- श्यामधनी राही
सिद्धार्थनगर। विधानसभा क्षेत्र कपिलवस्तु में ग्रामीण सड़कों के विकास को गति देने के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा मुख्यमंत्री ग्रामीण योजनांतर्गत छह मार्गों के नव-निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन कार्यों पर कुल 11 करोड़ 10 लाख 55 हजार रुपये खर्च होंगे। मार्गों के निर्माण की स्वीकृति मिलने से क्षेत्र के ग्रामीणों में विकास की उम्मीद जगी है।
कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही ने बताया कि स्वीकृत कार्यों में सिकरी बखरिया से लोधडीह संपर्क मार्ग, उसका सोहास मार्ग के किमी 3 से भलुहा संपर्क मार्ग, मोहाना-लोटन मार्ग के किमी 2 से रोहूडिला होते हुए रघुनाथपुर तक संपर्क मार्ग, बर्डपुर-पिपरहवा मार्ग के किमी 5 से रामभारी होते हुए नोनहवा संपर्क मार्ग, मोहनिया पूरब व पश्चिम संपर्क मार्ग तथा गोरखपुरिया डीह से अलीगढ़वा होते हुए सेमेनार संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य शामिल है।
विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़कें विकास की पहली जरूरत हैं। इन मार्गों के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और गांवों को मुख्य मार्गों से बेहतर कनेक्टिविटी प्राप्त होगी।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने छह मार्गों के नव निर्माण के लिए स्वीकृति प्रदान किए जाने पर मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के प्रति कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र की जनता की तरफ से आभार व्यक्त किया। विधायक ने कहा कि कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए सड़क, बिजली, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं का इन्फ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।

