Sun. Jul 26th, 2026

राप्ती नदी के कटान से बैदोला गांव के पास बढ़ा खतरा! कभी भी ध्वस्त हो सकता है हाईटेंशन बिजली का टावर

राप्ती नदी के कटान से बैदोला गांव के पास बढ़ा खतरा! कभी भी ध्वस्त हो सकता है हाईटेंशन बिजली का टावर

ग्रामीणों की शासन से मांग!समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ी दुर्घटना के अलावा हजारों घरों की बिजली आपूर्ति हो सकती है प्रभावित

सिद्धार्थनगर से न्यूज 17 इंडिया संवाददाता मनोज कुमार भगवान की रिपोर्ट…

डुमरियागंज,सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के बैदोला गांव के पास नदी का कटान लगातार तेज होता जा रहा है। कटान की जद में अब विद्युत विभाग का एक हाईटेंशन बिजली टावर आ गया है, जिससे क्षेत्र के लोगों में चिंता बढ़ गई है। यदि समय रहते कटान रोकने और टावर को सुरक्षित करने के लिए आवश्यक कदम नहीं उठाए गए, तो यह कभी भी नदी में समा सकता है। ऐसी स्थिति में आसपास के हजारों घरों की बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका है।स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से नदी का बहाव तेज होने के कारण लगातार भूमि का कटाव हो रहा है। नदी धीरे-धीरे बिजली टावर के बिल्कुल करीब पहुंच गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि नदी का कटान इसी गति से जारी रहा तो टावर की नींव कमजोर हो जाएगी और किसी भी समय नदी की आगोश में समा जायेगा,जिससे बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों के लिए भी खतरा बढ़ गया है। यदि टावर गिरता है तो जान-माल का नुकसान होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। लोगों ने बिजली विभाग, सिंचाई विभाग और जिला प्रशासन से तत्काल संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि समय रहते कटानरोधी कार्य, बोल्डर पिचिंग या अन्य सुरक्षात्मक उपाय किए जाएं तथा आवश्यकता पड़ने पर बिजली टावर को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। ग्रामीणों का मानना है कि प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से न केवल बिजली व्यवस्था सुरक्षित रहेगी, बल्कि समय रहते किसी संभावित बड़े हादसे से होने वाले खतरे को भी टाला जा सकेगा।

इस बारे में जब दूरभाष से जिले के एक्सियन खालिद फजल भाई से बात हुई तो उन्होंने बताया कि मामला हमारे संज्ञान में है,नई टावर लाइन का कार्य दूसरे साइड बंधे के तरफ से प्रगति पर है,रास्ते में पेड़ आने से थोड़ा कुछ लोग विवाद कर रहे हैं,फिर भी बातचीत चल रही है। जल्द ही दूसरे तरफ से लाइन जोड़ दिया जायेगा।

सोर्स विज्ञप्ति।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *