सांसद जगदंबिका पाल के अथक प्रयास से तराई क्षेत्र को मिली अमृत भारत ट्रेन की बड़ी सौगात
नई अमृत भारत ट्रेन सेवा के संचालन से कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार- सांसद पाल
आने वाले समय में अन्य जगहों के लिए भी शुरू होगी नई अमृत भारत ट्रेन – सांसद पाल
सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल ने अपने आवास एवं कैंप कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि सिद्धार्थनगर समेत पूरे तराई क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं और नई रेल सेवाओं के शुरआत होने से क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात मिली है। सांसद ने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं को लेकर लगातार किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगा है।
सांसद ने बताया कि दिल्ली से गोरखपुर होते हुए सिद्धार्थनगर, बलरामपुर वाया गोंडा होते हुए नई अमृत भारत रेल सेवा के संचालन को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस नई रेल सेवा के शुरू होने से सिद्धार्थनगर सहित आसपास के जिलों के यात्रियों को राजधानी तक बेहतर और सुगम यात्रा सुविधा मिल सकेगी।इसके साथ ही गोरखपुर नकहा जंगल से बढ़नी होते हुए लखनऊ तक नई यात्री रेल सेवा के संचालन को भी मंजूरी मिल गई है। सांसद ने कहा कि इससे प्रतिदिन यात्रा करने वाले छात्रों, व्यापारियों, कर्मचारियों और आम यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
सांसद जगदंबिका पाल ने प्रेसवार्ता के दौरान केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा भेजे गए पत्रों को सार्वजनिक करते हुए बताया कि बहुप्रतीक्षित बहराइच श्रावस्ती-बलरामपुर- खलीलाबाद नई रेल लाइन परियोजना पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि परियोजना के लिए लगभग पचास प्रतिशत भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है तथा वन भूमि से संबंधित आवश्यक कार्रवाई भी अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।उन्होंने कहा कि यह परियोजना आने वाले समय में पूरे तराई क्षेत्र के विकास की नई आधारशिला साबित होगी तथा रोजगार, व्यापार और आवागमन को नई गति मिलेगी।
सांसद पाल ने बताया कि चौरी-चौरा रेल सेवा को बढ़नी तक विस्तारित करने तथा गोरखपुर से आनंद विहार चलने वाली हमसफर रेल सेवा का प्रतिदिन संचालन शुरू कराने की मांग पर रेलवे स्तर पर प्रयास जारी है। परीक्षण पूर्ण होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।सांसद ने कहा कि जनता की हर मांग को गंभीरता से केंद्र सरकार तक पहुंचाया जा रहा है और क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष दीपक मोर्य,फतेह बहादुर सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

