ऐतिहासिक धार्मिक और पौराणिक स्थल भारतभारी मेले का जिलाधिकारी ने फीता काटकर किया शुभारंभ
जिलाधिकारी ने शिव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की,श्रद्धालुओं की सुविधा और जनगणना-मतदाता जागरूकता पर भी दिया जोर
सिद्धार्थनगर। जनपद के ऐतिहासिक एवं पौराणिक भारतभारी मेले का शुक्रवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने फीता काटकर और शिव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर शुभारंभ किया।इस दौरान उपजिलाधिकारी डुमरियागंज विवेकानंद मिश्र ने जिलाधिकारी को बुके और भगवान श्रीराम का चित्र भेंट कर उनका स्वागत किया,उद्घाटन अवसर पर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि भारतभारी का ऐतिहासिक, धार्मिक और पौराणिक महत्व है तथा यह स्थल आस्था और सांस्कृतिक विरासत का अहम केंद्र है। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और दर्शकों की सुविधा, सुरक्षा तथा सुगम आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने बताया कि मेले को सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन, पुलिस विभाग और नगर पंचायत की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश, यातायात व्यवस्था और निर्बाध विद्युत आपूर्ति पर विशेष ध्यान दिया गया है।उन्होंने आयोजन समिति के प्रति आभार भी व्यक्त किया,संबोधन के दौरान जिलाधिकारी ने लोगों से जनगणना 2027 और मतदाता पुनरीक्षण लेकर जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने बताया कि देश में 15 वर्ष बाद जनगणना हो रही है। इसके तहत 16 नवम्बर से 30 नवम्बर 2026 तक स्वगणना का कार्य चलेगा, जिसके बाद 01 दिसम्बर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर गणना करेंगे। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वगणना अवश्य करने का आह्वान किया। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि विशेष मतदाता पुनरीक्षण का कार्य 17 नवम्बर से शुरू हो चुका है।उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पात्र नागरिक फार्म-06 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं और लोकतंत्र व देश के विकास में योगदान दें।
स्वागत संबोधन में एसडीएम डुमरियागंज विवेकानंद मिश्र ने जिलाधिकारी व अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर भारतभारी में मेले का आयोजन किया गया है और मेले में पहुंचने वाले सभी श्रद्धालुओं का स्वागत है,नगर पंचायत भारतभारी के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश वर्मा और नगर पंचायत बढ़नी चाफा के अध्यक्ष धर्मराज वर्मा ने भी सभी आगंतुकों का स्वागत किया।इस अवसर पर एसडीएम डुमरियागंज विवेकानंद मिश्र, नगर पंचायत भारतभारी अध्यक्ष चंद्रप्रकाश वर्मा, बढ़नी चाफा अध्यक्ष धर्मराज वर्मा, पर्यटन विकास समिति के सदस्य एवं वरिष्ठ अधिवक्ता रमेश कुमार पाण्डेय, तहसीलदार अभिषेक कुमार, अधिशासी अधिकारी राजन गुप्ता, कानूनगो रमेश चंद्र श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

