छठ महापर्व की खरीदारी को लेकर बाजारों में उमड़ी भारी भीड़
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर। छठ महापर्व नजदीक आते ही शोहरतगढ़ कस्बे में पर्व की तैयारियां तेज हो गई हैं। व्रती महिलाओं में पूजा को लेकर उत्साह और उमंग देखने को मिल रही है। छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाली पूजन सामग्री और फल-फूल की खरीदारी के लिए बाजारों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। छठ पूजा में चढ़ाए जाने वाले अनार, अमरूद, लौकी, केला, सिंघाड़ा, मूंगफली, आम्रफल, नारियल, अनानास, सेब, कच्ची हल्दी और गन्ने सहित अन्य पूजन सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ लगी रही।
वहीं वस्त्र, श्रृंगार और गारमेंट की दुकानों पर भी महिलाओं की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। पुलिस बूथ के पास इस बार छठ पूजा सामग्री की एक दर्जन से अधिक दुकानें सजी हुई हैं। कस्बे में साप्ताहिक बाजार लगने से भीड़ और बढ़ गई। बाजार में बढ़ती भीड़ के कारण राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। एनएच मार्ग पर गड़ाकुल तिरंगा चौराहे से बैंक गेट तक जाम लगने से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम का प्रमुख कारण ई-रिक्शा चालकों और ठेला लगाकर सामान बेचने वालों द्वारा सड़क व पटरियों पर अतिक्रमण करना रहा। इसके अलावा सड़क पर आड़े-तिरछे वाहन खड़े कर सवारियां बैठाने से भी यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस बूथ पर तैनात दो पुलिसकर्मी लगातार वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराने का प्रयास करते रहे।लेकिन इसके बावजूद ई-रिक्शा और चार पहिया वाहन चालकों की मनमानी के चलते जाम की समस्या बनी रही।

