पीएमएफएमई में जिले की बड़ी उपलब्धि सूबे के टॉप-10 जिलों में बनाई जगह-जिला उद्यान अधिकारी
जिले के 603 उद्यमी हो चुके हैं लाभान्वित-जिला उद्यान अधिकारी
खाद्य प्रसंस्करण योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर मिली पहचान- जिला उद्यान अधिकारी
सिद्धार्थनगर। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) के प्रभावी क्रियान्वयन में सिद्धार्थनगर ने प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 10 जिलों में जगह बनाई है। बुधवार को लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय इम्पावर्ड समिति (एसएलईसी) की बैठक में जिले के प्रदर्शन का विशेष उल्लेख किया गया। बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के तहत ऋण स्वीकृति और योजना के क्रियान्वयन में सिद्धार्थनगर का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा है। वर्ष 2025-26 में उत्तर प्रदेश ने 7,273 लाभार्थियों को ऋण वितरण कर देश में पहला स्थान हासिल किया, जबकि वर्ष 2026-27 में भी स्वीकृत आवेदनों के मामले में प्रदेश अग्रणी बना हुआ है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिलों में सिद्धार्थनगर का भी नाम शामिल है।
जिला उद्यान अधिकारी विमल कांत ने बताया कि जिले में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के अंतर्गत अब तक 603 उद्यमियों को लाभान्वित किया जा चुका है।योजना के तहत जिले में बकरी पालन आधारित उत्पाद, पशु एवं मुर्गी चारा उद्योग, दाल एवं चावल प्रसंस्करण, हर्बल उत्पाद, मशरूम उत्पादन, मसाला एवं मसाला आधारित उत्पाद, केला प्रसंस्करण, फ्लोर मिल, मिठाई निर्माण, हनी प्रोसेसिंग, मिलेट आधारित उत्पाद और वनोपज आधारित उद्योग समेत खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े 30 प्रकार के प्रोजेक्ट संचालित किए जा रहे हैं। इनसे स्थानीय कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन होने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं।

