पोषाहार वितरण में लापरवाही, डीपीओ का वेतन रोका,बीएमएम की संविदा समाप्त
डीएम के औचक निरीक्षण में 198 में सिर्फ 26 आंगनबाड़ी केंद्रों तक ही पहुंचा पोषाहार
डीएम ने मिशन निदेशक को पत्र भेजने का दिया निर्देश,समयबद्ध वितरण न होने पर जताई कड़ी नाराजगी
सिद्धार्थनगर न्यूज़17 इंडिया संवाददाता की रिपोर्ट।
सिद्धार्थनगर : जिलाधिकारी शिवशरणप्पा ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर समय से पोषाहार उपलब्ध न कराए जाने के मामले में जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) साहब यादव का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने और नौगढ़ ब्लाक के ब्लाक मिशन मैनेजर (बीएमएम) विनय सिंह की संविदा सेवा समाप्त करने का आदेश जारी किया है।
जिलाधिकारी ने मंगलवार को नौगढ़ ब्लॉक क्षेत्र में स्थित स्वास्तिक प्रेरणा लघु उद्योग, ग्राम पंचायत खजुरिया (नगवा) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टॉक रजिस्टर और वितरण रजिस्टर का अवलोकन किया। जांच में पाया गया कि इकाई में 50 टन पोषाहार तैयार था, लेकिन 198 आंगनबाड़ी केंद्रों के सापेक्ष अब तक केवल 26 केंद्रों पर ही सात टन पोषाहार का वितरण किया गया था।
जिलाधिकारी ने इस गंभीर लापरवाही पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए योजना के प्रति रुचि न लेने और प्रभावी निगरानी के अभाव को गंभीर मानते हुए डीपीओ का वेतन अवरुद्ध करने का आदेश दिया। साथ ही नौगढ़ ब्लाक के बीएमएम विनय सिंह की सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि इस संबंध में ब्लाक मिशन निदेशक को पत्र भेज दिया गया है, ताकि आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
डीएम ने डीसी एनआरएलएम और डीपीओ को निर्देशित किया कि पोषाहार का समय से सभी आंगनबाड़ी केंद्रों तक वितरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जनपद की सभी इकाइयों को पूरी क्षमता के साथ उत्पादन करने और नियमित मानीटरिंग के लिए डीसी एनआरएलएम को जिम्मेदारी सौंपी गई। निरीक्षण के दौरान डीपीओ साहब यादव, डीसी एनआरएलएम देवनंदन दूबे उपस्थित रहे।

