सिद्धार्थनगर 14 मई 2026
वृक्षारोपण अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न कराए जाने के उद्देश्य डीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक
सिद्धार्थनगर। जनपद में आगामी वृक्षारोपण अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न कराए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जी एन की अध्यक्षता एवं डी एफ ओ नीला एम की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक संपन्न हुई।बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे तैयारियों की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण एवं भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार गुणवत्तापूर्ण पौधरोपण सुनिश्चित करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बैठक में वन विभाग द्वारा नर्सरियों में उपलब्ध पौधों, गड्ढा खुदाई, पौध वितरण एवं रोपण स्थलों की तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत की गई। जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, सड़क किनारे, सरकारी कार्यालय परिसरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर अधिक से अधिक पौधरोपण कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि जनसहभागिता के माध्यम से वृक्षारोपण अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप दिया जाए तथा स्वयंसेवी संस्थाओं, छात्र-छात्राओं एवं आमजन को भी इस अभियान से जोड़ा जाए।इस अवसर पर उपरोक्त के अतिरिक्त उप वनाधिकारी बीना तिवारी, डी सी मनरेगा संदीप सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी वाचस्पति झा, समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

