Sun. Feb 15th, 2026

सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती रन फॉर यूनिटी दौड़ को डीएम व सांसद ने हरी झंड़ी दिखाकर किया रवाना

सिद्धार्थनगर 31 अक्टूबर 2025

सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती रन फॉर यूनिटी दौड़ को डीएम व सांसद ने हरी झंड़ी दिखाकर किया रवाना

स्वतंत्र भारत के शिल्पकार,लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर मेडिकल कालेज में भर्ती मरीजों में फल वितरण किया गया

सिद्धार्थनगर: आज जनपद में स्वतंत्र भारत के शिल्पकार, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया गया। जनपद स्तरीय रन फॉर यूनिटी दौड़ की शुरुआत जिला स्पोर्टस स्टेडियम से हाईडिल तिराहे तक हुई, जिसका शुभारंभ सांसद डुमरियागंज जगदम्बिका पाल द्वारा विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी राही, जिलाध्यक्ष भाजपा कन्हैया पासवान, जिलाधिकारी शिव शरणप्पा जीएन, मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह की उपस्थिति में हरी झंड़ी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता और युवा चेतना के प्रतीक उत्सव के रूप में किया गया। जिसके माध्यम से एक भारत श्रेष्ठ भारत का संदेश जन जन तक पहुंचा।

रन फॉर यूनिटी दौड़ में प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस बल, मंगल दल के युवाओं, स्काउट एंड गाइड, स्कूली छात्र छात्राओं द्वारा प्रतिभाग किया गया। इसके पश्चात जिला स्पोर्टस स्टेडियम में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया गया। सांसद डुमरियागंज जगदम्बिकापाल, विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी राही, जिलाध्यक्ष भाजपा कन्हैया पासवान, जिलाधिकारी शिव शरणप्पा जीएन, मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह द्वारा लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया।

इस अवसर पर सांसद डुमरियागंज जगदम्बिका पाल ने संबोधित करते हुये कहा कि एकता के संकल्प के साथ देश को सबसे सुंदर स्वरूप देने का श्रेय लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को जाता है। सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपने दु:ख सुख के ऊपर देश और हम सबकी परवाह की! इसलिए उन्हें लौह पुरुष की पहचान मिली। सांसद ने प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया कि उन्होंने देश की सबसे विशाल स्मारक लौह पुरुष को समर्पित किया है जो प्रतीक है इस बात का यह देश उनका सम्मान करता है जो देश की सेवा करते है। उन्होंने आह्वान किया कि देश समाज के लिए आज रन फॉर यूनिटी के अवसर पर आज संकल्प ले और कोई ऐसा अच्छा कार्य करे जिसके बल पर प्रदेश और देश का नाम रोशन हो।

विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी राही ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस उस विचारधारा का पुनर्स्मरण है जिसने भारत को सैकड़ों रियासतों से जोड़कर एक अखंड राष्ट्र का रूप दिया। सरदार पटेल का जीवन इस सत्य का प्रतीक था कि जब विचार, उद्देश्य और कार्य एक हो जाते हैं तो असंभव भी संभव हो जाता है। इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस हमें याद दिलाता है कि संविधान के आदर्शों को जीवंत रखने के लिए नागरिक चेतना आवश्यक है। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती उस विचार का उत्सव है जो भारत की विविधता को उसकी शक्ति बनाता है। आज जब देश “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य की ओर अग्रसर है, तब राष्ट्रीय एकता दिवस हमें याद दिलाता है कि विकास की जड़ें एकता में ही निहित हैं।जिलाध्यक्ष भाजपा कन्हैया पासवान ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश के सभी नागरिकों को एक साथ जोड़ने का कार्य किया,जिसकी जयन्ती हम लोग राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाते हैं।

जिलाधिकारी शिव शरणप्पा जीएन ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल का भारत की एकता व अखंडता के क्षेत्र में अप्रतिम योगदान रहा है। उन्होंने 562 रियासतों को अपने सूझबूझ से भारत में विलय कराकर एक अखण्ड भारत को जोड़ने का सपना साकार किया, ऐसे महापुरूषो पर हम सभी को गर्व होना चाहिए। राष्ट्र को एक सूत्र में बांध पिरोने के कारण हमारा देश का परिदृश्य दिख रहा है। सरदार पटेल के सिद्धान्तो का अनुकरण करके आन्तरिक सुरक्षा केा बनाये रखने के लिए कार्य करे। अपने कार्य को पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से करे।

इस अवसर पर सांसद डुमरियागंज जगदम्बिका पाल द्वारा विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी राही, जिलाध्यक्ष भाजपा कन्हैया पासवान, जिलाधिकारी शिव शरणप्पा जीएन, मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह की उपस्थिति में राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलायी गयी। “मै सत्यनिष्ठा से शपथ लेता हॅू कि मै राष्ट्र की एकता, अखण्डता और सुरक्षा को बनाये रखने के लिए स्वयं को समर्पित करूॅगा और अपने देशवासियों के बीच यह सन्देश फैलाने का भी भरसक प्रयत्न करूॅगा। मैं यह शपथ अपने देश की एकता की भावना से ले रहा हॅू जिसे सरदार बल्लभ भाई पटेल की दूरदर्शिता एवं कार्यो द्वारा सम्भव बनाया जा सका। मैं अपने देश की आन्तरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपना योगदान करने का भी सत्यनिष्ठा से संकल्प करता हॅू।”

मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह द्वारा सभी जनप्रतिनिधियों का आभार प्रकट किया गया। वहीं जिले भर में राष्ट्रीय एकता दिवस पर शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित हुए जिसमें सरकारी विभागों, विद्यालयों, कॉलेजों, पंचायत भवनों और सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रीय एकता का संकल्प दोहराया गया,इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 रजत कुमार चौरसिया, जिला विद्यालय निरीक्षक अरूण कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार, जिला क्रीड़ा अधिकारी आशुतोष अग्निहोत्री व अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

इसके पश्चात सांसद डुमरियागंज जगदम्बिकापाल, विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी राही, जिलाध्यक्ष भाजपा कन्हैया पासवान, जिलाधिकारी शिव शरणप्पा जीएन,मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह द्वारा माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कालेज में भर्ती मरीजों में फल वितरण किया गया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *