Mon. Apr 27th, 2026

सांसद जगदम्बिकापाल ने लोकसभा में पीएम सूर्य घर ‘मुफ्त बिजली योजना’ की प्रगति के बारे में जानकारी मांगी

नई दिल्ली, 11 मार्च 2026

सांसद जगदम्बिकापाल ने लोकसभा में पीएम सूर्य घर ‘मुफ्त बिजली योजना’ की प्रगति के बारे में जानकारी मांगी

डुमरियागंज लोकसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री सूर्य घर ‘मुफ्त बिजली योजना’ के तहत अब तक कुल 5,632 आवेदन प्राप्त हुए हैं: सांसद जगदम्बिका पाल

नई दिल्ली: डुमरियागंज के सांसद जगदम्बिका पाल ने आज लोकसभा में प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना (PM-SGMBY) से संबंधित एक महत्वपूर्ण प्रश्न उठाया। उन्होंने विशेष रूप से उत्तर प्रदेश तथा डुमरियागंज लोकसभा क्षेत्र में इस योजना की प्रगति के बारे में जानकारी मांगी। सांसद पाल ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा दिए गए उत्तर के अनुसार, फरवरी 2024 में शुरू की गई इस योजना के तहत उत्तर प्रदेश में अब तक कुल 11,72,448 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 5,632 आवेदन डुमरियागंज लोकसभा क्षेत्र से प्राप्त हुए हैं। यह योजना एक मांग-आधारित योजना है।

सांसद पाल ने कहा कि इसके अंतर्गत ग्रिड से जुड़े बिजली उपभोक्ता अपने घरों की छतों पर सौर ऊर्जा प्रणाली (रूफटॉप सोलर) स्थापित करने के लिए राष्ट्रीय पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।सरकार ने यह भी बताया कि योजना के तहत एक करोड़ घरों में रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित होने पर लगभग 1000 बिलियन यूनिट नवीकरणीय बिजली का उत्पादन होने का अनुमान है, जिससे पारंपरिक बिजली स्रोतों पर निर्भरता कम करने में सहायता मिलेगी।

सांसद जगदम्बिका पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना न केवल स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देती है, बल्कि आम उपभोक्ताओं के बिजली खर्च को कम करने और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि डुमरियागंज क्षेत्र के अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठाएं, इसके लिए निरंतर जागरूकता और प्रोत्साहन आवश्यक है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *