सेवा संकल्प अभियान के तहत बहुउद्देशीय सेवा शिविर कार्यक्रम में विधायक श्यामधनी राही ने की सहभागिता
News17 india निज संवाददाता
सिद्धार्थनगर। जिले में सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र के नौगढ़, लोटन और जोगिया विकास खंडों में बहुउद्देशीय सेवा शिविरों का आयोजन किया गया,तीनों शिविरों में कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही ने सहभागिता कर ग्रामीणों को केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। शिविरों में लगाए गए विभागीय स्टालों पर ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभ के संबंध में जानकारी दी। विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और जनभागीदारी को प्राथमिकता देते हुए सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार भी पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल लोगों को योजनाओं की जानकारी देना ही नहीं, बल्कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए उनसे जोड़ना भी है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में जनकल्याणकारी योजना के लाभसे वंचित न रहे। ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है। एक ही स्थान पर कई विभागों की योजनाओं की जानकारी मिलने से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का सेवा सेतू अभियान के माध्यम से लाभ लेने में सुविधा होगी।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित शिविरों में पंचायती राज, स्वास्थ्य, कृषि, आंगनबाड़ी, इंडिया पोस्ट, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, जिला पूर्ति, पशुपालन और वन विभाग समेत विभिन्न विभागों के स्टाल लगाए गए। अधिकारियों व कर्मचारियों ने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी समझाई। ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं और योजनाओं से संबंधित जानकारी अधिकारियों के समक्ष रखी।
नौगढ़ विकास खंड सभागार में आयोजित शिविर में मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह, सांसद प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल, ब्लाक प्रमुख रेनू मिश्रा, पूजा पाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे। लोटन में ब्लाक प्रमुख आशीष सिंह, बीडीओ सर्वेश मोहन, सीएचसी अधीक्षक अमित कुमार चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
जोगिया विकास खंड सभागार में मंडल अध्यक्ष राजेश दूबे, श्रीष चौधरी, विकास पाण्डेय समेत अन्य जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और अधिकारी मौजूद रहे। तीनों स्थानों पर आयोजित शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर विभागीय स्टालों का लाभ उठाया और अपनी समस्याओं का समाधान कराने के लिए अधिकारियों से संवाद किया।

